Holi 2026: 3 और 4 तारीख में कन्फ्यूजन? जानिए बिहार के अलग-अलग जिलों में लोग किस दिन मना रहे होली

होली (Holi 2026) को लेकर एक बार फिर डेट में कन्फ्यूजन की स्थिति पैदा हो गई है. लोगों के मन में सवाल उठ रहा है कि होली 3 मार्च को मनाना सही है या फिर चार मार्च को ठीक होगा. ऐसे में बिहार के अलग-अलग जिलों से हमने जानकारी जुटाई कि कहां किस तिथि को होली मनाई जा रही है. स्थानीय संवाददाताओं के अनुसार, एक बात निकलकर सामने आई है कि लगभग सारे जिलों में चार मार्च को होली मनाई जा रही है.
राजधानी पटना में चार मार्च को होली होगी. वहीं बांका में भी चार मार्च को होली है. काशी के महावीर पंचांग का हवाला देते हुए बांका के विद्वान पंडित फणीभूषण पाठक ने बताया कि इस बार होली के मुहूर्त पर भद्रा और चंद्रग्रहण का विशेष प्रभाव रहेगा. उन्होंने जानकारी दी कि 2 मार्च को शाम 5:18 बजे से भद्रा नक्षत्र शुरू होगा, जो 3 मार्च की अहले सुबह 4:56 बजे तक प्रभावी रहेगा.
तीन मार्च को होली क्यों शुभ नहीं?
उन्होंने बताया कि शास्त्रों के अनुसार भद्रा मुख का त्याग करते हुए इस वर्ष भद्रा पूंछ में होलिका दहन का विधान है, जिसके लिए 2 मार्च की रात 12:50 बजे से पूर्व का समय निर्धारित किया गया है. पंडित फणीभूषन पाठक ने आगे स्पष्ट किया कि 3 मार्च को चंद्रग्रहण लग रहा है, जिसके कारण 9 घंटे पूर्व ही सूतक काल शुरू हो जाएगा. सूतक और ग्रहण के चलते 3 मार्च को रंग खेलना संभव नहीं होगा, इसलिए इस वर्ष होली 4 मार्च को मनाई जाएगी.
उधर बिहार के अन्य जिलों की बात की जाए तो मधुबनी में होली चार मार्च को खेली जाएगी. समस्तीपुर में भी 4 मार्च को होली मनाई जाएगी. यहां का भिरहा होली है विश्व प्रसिद्ध है. जमुई, छपरा सहित अन्य जिलों में भी होली चार मार्च को है. ऐसे में आप भी चार मार्च को रंगों का त्योहार खुलकर मना सकते हैं.
Disclaimer: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. यहां यह बताना जरूरी है कि ABPLive.com किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें.



