राज्य

UP Board Exam 2026: कल से 10वीं-12वीं की परीक्षा, फर्जी पेपर वायरल, अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील

उत्तर प्रदेश बोर्ड की परीक्षाएं कल यानी 18 फरवरी बुधवार से शुरू हो रही हैं, इसी बीच यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षा से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है. बोर्ड परीक्षा को लेकर मीडिया पर फर्जी प्रश्न पत्र वायरल हो रहा है. वहीं सोशल मीडिया पर वायरल प्रश्न पत्र का यूपी बोर्ड की मीडिया सेल ने संज्ञान लिया है.

यूपी बोर्ड के मुताबिक, असामाजिक तत्वों द्वारा परीक्षार्थियों को गुमराह करने और बोर्ड परीक्षा के संबंध में अफवाह फैलाने के लिए यह कार्य किया गया है. यूपी बोर्ड ने सोशल मीडिया पर वायरल किसी भी फर्जी प्रश्न पत्र का खंडन किया है. यूपी बोर्ड के मुताबिक, यह स्थिति नितांत असत्य,निराधार और शरारतपूर्ण है.

अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील

यूपी बोर्ड की तरफ से बताया गया कि, यह छात्रों और अभिभावकों को भ्रमित करने का प्रयास है. यूपी बोर्ड ने सभी परीक्षार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि इस प्रकार के किसी भी तरह के अफवाहों पर कतई ध्यान ना दें यूपी बोर्ड ने कहा है कि केवल यूपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट और अधिकृत माध्यमों से जारी सूचनाओं पर विश्वास करें.

अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

यूपी बोर्ड ने कहा है कि अफवाह फैलाने और परीक्षा की सुचिता भंग करने का प्रयास करने वाले  असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. ऐसे लोगों के विरूद्ध साइबर सेल को एफ आई आर दर्ज कर कठोर कार्रवाई के लिए अनुरोध किया गया है. यूपी बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने नोटिस जारी कर यह जानकारी दी है.

आपको बता दें कि कल 18 फरवरी से UP Board की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं शुरू हो रही हैं, जो 12 मार्च तक आयोजित की जाएंगी, जिसमें 52 लाख से अधिक छात्र शामिल होंगे. बोर्ड परीक्षा को लेकर स्थानीय स्तर पर भी प्रशासन की तरफ से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!