भरतपुर: हिस्ट्रीशीटर ने युवक के मुंह में डाली पिस्टल, थाने के पास फायरिंग, 3 गिरफ्तार

राजस्थान के भरतपुर में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब उन्हें पुलिस और कानून का भी कोई खौफ नहीं रहा. शहर के एक होटल में हिस्ट्रीशीटरों ने सरेआम गुंडागर्दी का नंगा नाच किया.
बदमाशों ने खाना खा रहे एक युवक के मुंह में पिस्टल डालकर रंगदारी मांगी और जब पीड़ित जान बचाकर थाने की तरफ भागा, तो आरोपियों ने थाने के पास ही उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
होटल में पिस्टल मुंह में डालकर दी धमकी
घटना 14 फरवरी की रात की है. गोपालगढ़ मोहल्ला निवासी सुमित कुमार अपने दोस्तों के साथ सारस चौराहे स्थित ‘सन स्टार होटल’ में खाना खा रहा था. तभी हिस्ट्रीशीटर अज्जू ठाकुर अपने साथी जीतू सहजवानी और कौशल शर्मा के साथ शराब के नशे में वहां पहुंचा. बदमाशों ने बेवजह सुमित से गाली-गलौज शुरू कर दी.
अज्जू ठाकुर ने सुमित को धमकाते हुए कहा, “तुझे पता नहीं मुझे अज्जू बदमाश कहते हैं. अगर भरतपुर में रहना है तो रंगदारी देनी पड़ेगी.” दहशत फैलाने के लिए अज्जू ने अपनी पिस्टल निकालकर सुमित के मुंह में डाल दी, जबकि उसके दूसरे साथी ने सिर पर देसी कट्टा सटा दिया और कहा, “बोल अभी गोली मार दूं या पैसे देगा?”
थाने जा रहे पीड़ित पर की फायरिंग
मारपीट के बाद किसी तरह जान बचाकर सुमित रिपोर्ट दर्ज कराने मथुरा गेट थाने की ओर भागा. लेकिन बदमाशों ने उसका पीछा किया और थाने के पास ही बिजलीघर चौराहे पर उसे घेर लिया. आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से उस पर फायर झोंक दिया. गनीमत रही कि गोली सुमित को नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गया.
पुलिस का एक्शन: 3 गिरफ्तार, हथियार बरामद
सरेआम फायरिंग की सूचना मिलते ही सीओ सिटी आईपीएस पंकज यादव ने मोर्चा संभाला. मथुरा गेट पुलिस और डीएसटी टीम ने नाकाबंदी कर तीनों आरोपियों—अज्जू, जीतू और कौशल को दबोच लिया. तलाशी में उनके पास से एक देसी पिस्टल और 5 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं. आईपीएस पंकज यादव ने बताया कि आरोपियों से हथियारों के स्रोत के बारे में पूछताछ की जा रही है और उनके फरार साथियों की तलाश जारी है.



