भारत से शर्मनाक हार के बाद भड़के शाहिद अफरीदी, दामाद शाहीन को सुनाई खरी खोटी, बाबर आजम को भी लताड़ा

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ मिली करारी हार के बाद पाकिस्तान टीम के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी का गुस्सा खुलकर सामने आया है. उन्होंने टीम के सीनियर खिलाड़ियों पर जमकर निशाना साधते हुए बड़ा बयान दिया है. उनका मानना है कि इन सीनियर खिलाड़ियों की जगह नए खिलाड़ियों को मौका देना चाहिए.
शाहीन समेत बाबर और शादाब पर भड़के अफरीदी
एक पाकिस्तानी न्यूज शो में बात करते हुए अफरीदी ने कहा, “अगर फैसला उनके हाथ में होता, तो वह बाबर आजम, शाहीन अफरीदी और शादाब खान जैसे खिलाड़ियों को अगले मैचों से बाहर बैठाते. उन्होंने कहा कि युवा खिलाड़ियों को मौका देना जरूरी है. नामीबिया के खिलाफ मैच में भी मैं उन्हीं पर भरोसा करूंगा, उन्हें कॉन्फिडेंस दूंगा और लगातार खिलाऊंगा.”
उन्होंने आगे कहा, “हम इन खिलाड़ियों को काफी समय से देखते आ रहे हैं. इन्हें लगातार मौके मिलते रहते हैं. हर बार हम उम्मीद करते हैं कि ऐसी टीम के खिलाफ ये खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन करेंगे. ये सीनियर खिलाड़ी हैं, लेकिन अगर ये आपके लिए प्रदर्शन नहीं कर रहे हैं तो फिर बेंच पर बैठे युवाओं को मौका क्यों न दिया जाए? आखिर फर्क ही क्या है?”
सीनियर खिलाड़ियों का खराब प्रदर्शन बना हार की वजह
कोलंबो में खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम एक बार फिर भारत के खिलाफ बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे. लक्ष्य का पीछा करते हुए वह महज 5 रन बनाकर आउट हो गए. वहीं तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी भी गेंदबाजी में प्रभाव नहीं छोड़ सके और सिर्फ दो ओवर में 31 रन लुटा बैठे.
ऑलराउंडर शादाब खान का प्रदर्शन भी कुछ खास नहीं रहा. गेंदबाजी के दौरान उन्होंने एक ओवर में 17 रन दिए, जबकि बल्लेबाजी में भी वह टीम को संभाल नहीं पाए और धीमी पारी खेलकर आउट हो गए. सीनियर खिलाड़ियों का यह कमजोर प्रदर्शन पाकिस्तान की हार का एक बड़ा कारण माना जा रहा है.
भारत ने बढ़ाया दबदबा
कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में भारतीय टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए पाकिस्तान को 61 रन से हरा दिया. इस जीत के साथ ही टी20 वर्ल्ड कप में भारत ने पाकिस्तान पर अपना दबदबा कायम रखा और सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर ली है.



