‘गुजरात खालिस्तान बनेगा…’, अहमदाबाद और वडोदरा के 17 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी

गुजरात के अहमदाबाद और वडोदरा में 17 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. इन सभी स्कूलों में ई-मेल के ज़रिए स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है. मेल में लिखा है कि ‘गुजरात खालिस्तान बनेगा और हिंदुस्तान के टुकड़े होंगे.’ इन धमकी भरे मेल आने के बाद हड़कंप मच गया है. सभी स्कूलों में पुलिस बल पहुँच गया है. सुरक्षा की दृष्टि से स्कूल परिसरों की जाँच की जा रही है.
इन धमकी भरे मेल मिलने के बाद सभी स्कूल परिसरों में बम स्क्वॉयड टीम और पुलिस द्वारा सघन जांच अभियान शुरू कर दिया गया है. स्कूल के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली जा रही हैं. पुलिस एहतियात बरतते हुए सुरक्षा के सभी बड़े कदम उठा रही हैं, स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और मामले की जांच की जा रही है.
अहमदाबाद-वडोदरा के इन स्कूलों को मिली धमकी
अहमदाबाद की जिन स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है उनमें डीएवी इंटरनेशनल स्कूल, एशिया स्कूल, ए-वन स्कूल, अंकुर इंटरनेशनल स्कूल, संत कबीर स्कूल, सिल्वर बेल स्कूल और ट्यूलिप इंटरनेशनल स्कूल शामिल हैं.
वहीं वडोदरा शहर और जिले की 10 स्कूलों को भी धमकी मिली है। इनमें डी.आर. अमीन (वासना रोड), उर्मी स्कूल (समासावली रोड), नालंदा (वाघोडिया रोड), बड़ौदा हाईस्कूल (बगीखाना), नवयुग इंग्लिश मीडियम (समा), जीवन साधना (नागरवाड़ा), ईडब्ल्यूएस (डभोई), शानेन (खोडियारनगर), जी.पी.एस. (वाघोडिया) और ब्राइट डे (वासना) शामिल हैं.
इनपुट- धवल आचार्य
Input By : Dhaval Acharya



