राज्य

दिल्ली में 51 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की शुरुआत, एक साल में बने 370, मिल रहीं ये सुविधाएं

राजधानी दिल्ली में शुक्रवार (13 फरवरी) को स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाते हुए एक साथ 51 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का शुभारंभ किया गया. इसके साथ ही महज एक साल के अंदर दिल्ली में शुरू हुए आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की संख्या 370 तक पहुंच गई है. सरकार का कहना है कि यह उपलब्धि उसकी तेज रफ्तार और बड़े स्तर पर काम करने की क्षमता को दिखाती है.

सरकार के मुताबिक इन आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का सबसे बड़ा लाभ आम दिल्लीवासियों को मिल रहा है. अब लोगों को छोटी-छोटी बीमारियों के लिए बड़े अस्पतालों की दौड़ नहीं लगानी पड़ रही. उनके अपने इलाके में ही जांच, इलाज और जरूरी दवाइयों की सुविधा उपलब्ध हो रही है. खास बात यह है कि यहां मिलने वाली अधिकांश सेवाएं पूरी तरह फ्री हैं.

आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में मिल रहीं ये सुविधाएं

आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में मरीजों को मुफ्त जांच, फ्री दवाइयां, आधुनिक डायग्नोस्टिक सुविधाएं, कैंसर की शुरुआती जांच, टीकाकरण, मातृ एवं शिशु देखभाल जैसी सेवाएं दी जा रही हैं. इससे बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और गरीब परिवारों को सबसे ज्यादा राहत मिल रही है. कई इलाकों में ये केंद्र लोगों के लिए पहला इलाज केंद्र बनकर उभरे हैं.

‘ये सिर्फ शुरुआत’

सरकार ने साफ किया है कि यह सिर्फ शुरुआत है. आने वाले समय में 1100 से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोलने का लक्ष्य रखा गया है. इसका उद्देश्य यह है कि हर नागरिक को उसके घर के पास ही भरोसेमंद और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें. इससे सरकारी अस्पतालों पर बढ़ता बोझ भी कम होगा.

‘बीमारी की शुरुआत में ही हो जाती है पहचान’

देशभर में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए केंद्र और राज्य सरकारें लगातार प्रयास कर रही हैं. सरकार का मानना है कि मोहल्ला स्तर पर इलाज की सुविधा देने से बीमारी की पहचान शुरुआती दौर में हो जाती है, जिससे गंभीर बीमारी बनने का खतरा कम होता है और इलाज का खर्च भी घटता है. दिल्ली में आयुष्मान आरोग्य मंदिर इसी सोच के तहत विकसित किए गए हैं.

इस अवसर पर सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, विधायक करतार सिंह तंवर, निगम पार्षद सुंदर सिंह तंवर सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे.सभी ने इस पहल को जनता के लिए बेहद उपयोगी बताया.

कुल मिलाकर, दिल्ली में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का तेजी से विस्तार आम लोगों के लिए राहत भरी खबर है. इससे न सिर्फ समय और पैसा बचेगा, बल्कि हर नागरिक को सम्मानजनक और सुलभ स्वास्थ्य सुविधा भी मिल सकेगी.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!