छिंदवाड़ा में तेज संगीत बना मौत की वजह, मामूली विवाद पर बेटे ने फावड़े से पिता को मार डाला

कहते हैं कि उम्र के आखिरी पड़ाव में औलाद पिता का सहारा बनती है, लेकिन मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के परासिया से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है, जिसने समाज और रिश्तों की मर्यादा को तार-तार कर दिया है. यहां एक बेटे ने महज मामूली विवाद में अपने ही जन्म देने वाले पिता पर फावड़े से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी.
तेज संगीत और मां के टोकना की वजह से हुआ विवाद
घटना बीते 3 फरवरी की रात करीब 10 बजे की है. जहां बी.जे. सायडिंग क्षेत्र में रहने वाला 36 वर्षीय नीरज इवनाती अपने घर पर तेज आवाज में होम थिएटर बजा रहा था. तभी देर रात तेज शोर के कारण जब उसकी मां ने उसे संगीत कम करने या बंद करने को कहा, तो सनकी नीरज अपनी मां के साथ ही बदतमीजी और अश्लील गाली-गलौज करने लगा.
घर में हो रहे इस हंगामे और अपनी पत्नी के साथ हो रही बदसलूकी को देख 72 वर्षीय बुजुर्ग पिता भारत लाल इवनाती ने जब उन लोगों के बीच दखल दी और बेटे को समझाने की कोशिश की, तो नीरज का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. इसके बाद आपा खो चुके बेटे ने ना आव देखा ना ताव और आंगन में रखा फावड़ा उठाकर अपने वृद्ध पिता पर जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में बुजुर्ग भारत लाल गंभीर रूप से घायल हो गए और इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.
पूरा इलाका हैरान, कैसे एक मामलू विवाद ने परिवार को उजाड़ा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डे और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के दिशा-निर्देश में परासिया पुलिस टीम ने तत्काल जाल बिछाया. इसके बाद थाना प्रभारी ईश्वर पटले के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर आरोपी नीरज इवनाती को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त खून से सना फावड़ा भी बरामद कर लिया है.
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की विभिन्न गंभीर धाराओं (103(1) हत्या सहित) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है. इस घटना ने पूरे परासिया क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और लोग इस बात से हैरान हैं कि कैसे एक मामूली सा विवाद एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ सकता है.
Input By : सचिन पांडेय



