Azamgarh accident:टायर फटने से अनियंत्रित हुई एंबुलेंस,ट्रक में भिड़ंत; एक मृत,दो घायल


सुमित उपाध्याय/महेंद्र पाठक की खास रिपोर्ट
फुलवरिया/आजमगढ़। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में प्राइवेट एंबुलेंस सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार, लखनऊ स्थित राम मनोहर लोहिया अस्पताल में मरीज छोड़कर बड़हलगंज (गोरखपुर) लौट रही प्राइवेट एंबुलेंस (रजिस्ट्रेशन नंबर UP53LT 5327) पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 203.9 पर अचानक टायर फट जाने से अनियंत्रित हो गई और सामने चल रहे ट्रक से पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में एंबुलेंस चालक अनिल (23 वर्ष), निवासी ग्राम बाछेपार, थाना बड़हलगंज, जिला गोरखपुर, घायल हो गया। उसके साथ बैठे राकेश कुमार (29 वर्ष), निवासी मोहिद्दीनपुर, थाना जीयनपुर, जिला आजमगढ़, भी घायल हुए हैं।एंबुलेंस में सवार तीसरे व्यक्ति उत्तम यादव उर्फ गुड्डू (22 वर्ष), निवासी महोलिया खजुआ, थाना बड़हलगंज, जिला गोरखपुर की मौके पर ही मौत हो गई।सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अहिरौला भेजा गया। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।



