राज्य

गोंडा में UPSC की तैयारी कर रहे युवक ने की बड़े भाई की हत्या, आंखों में मिर्ची डालकर चाकू से किए 17 वार

उत्तर प्रदेश के गोंडा में बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां यूपीएससी की तैयारी कर रहे एक युवक ने अपने बड़े भाई बेरहमी से हत्या कर दी. आरोपी को लगता था कि बड़ा भाई उसकी पढ़ाई और गर्लफ्रेंड से दोस्ती में बाधा बन रहा था, इसलिए आरोपी ने भाई की आंखों में मिर्ची डालकर चाकुओं से गोदकर उसकी हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. 

ये घटना गोंडा के मौजा नारायणपुर थाना क्षेत्र के दुल्हिनपुरवा गाँव की है. जहां 3 फरवरी की रात को शिवशंकर दुबे की अज्ञात शख्स ने चाकू मारकर हत्या कर दी थी. पुलिस ने जब इस मामले की जाँच शुरू की तो सच्चाई जानकर हर कोई हैरान रह गया. पुलिस के मुताबिक़ शिवशंकर की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके छोटे भाई अमरनाथ दुबे ने की थी. 

छोटे भाई ने की बड़े भाई की हत्या

पुलिस के मुताबिक अमरनाथ ने इंटरमीडिएट व स्नातक की शिक्षा इलाहाबाद में रहकर पूरी की थी जिसके बाद वो साल 2023 से 2025 तक दिल्ली में रहा, जहां उसने यूपीएससी की तैयारी की. इसके बाद अगस्त 2025 से लखनऊ में रहकर तैयारी करने लगा. आरोपी ने पूछताछ में बताया कि पढ़ाई के दौरान उसे परिवार से आर्थिक सहयोग नहीं मिल पा रहा था, जिससे वो तनाव में रहता था.

परिवार की आय-व्यय का पूरा नियंत्रण उसके बड़े भाई शिवशंकर दुबे के पास था, जिससे अभियुक्त को लगा कि वो जानबूझकर उसे पैसे नहीं दे रहा है ताकि उसका भविष्य खराब हो जाए. उसने जब भाई से पैसे मांगे तो शिवशंकर ने पैसे देने से मना कर दिया. जिससे उसका गुस्सा और बढ़ गया. फिर उसने भाई को रास्ते से हटाने का मन बना लिया. 

आंखों में मिर्ची डालकर चाकू गोदकर हत्या

इस बीच अभियुक्त के माता पिता जब प्रयागराज कल्पवास के लिए गए थे, तो वो घर पर रहने आ गया. 3 फरवरी की रात को वो भाई को खेत में पानी लगाने के बहाने खेत में ले गया और मौका देखकर भाई की आंखों में मिर्ची डाल दी, इसके बाद चाकू से ताबड़तोड़ 17 वार करके उसे मार डाला. यही नहीं आरोपी ने भाई से पैसे लेकर खेत में गाड़ दिए. किसी को शक ना हो, इसलिए उसने खुद को भी घायल कर दिया. 

आरोपी ने इसके बाद शोर मचाकर लूट और हत्या की झूठी कहानी बताई. पुलिस ने जब इसकी जाँच शुरू की उसके बयानों में बार-बार विरोधाभास दिखाई दिया, जिसके बाद पुलिस को उस पर शक हो गया. सख्ती से पूछताछ करने पर अमरनाथ ने सबकुछ सच बता दिया. पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर खेत में छिपाए 31,500 रुपये बरामद कर लिए हैं. इनमें से कुछ नोटों पर ख़ून के धब्बे भी मिले हैं. 

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!