महाराष्ट्र: लातूर जा रहे शख्स पर ट्रेन में हमला, धार्मिक पहचान के चलते मारपीट का आरोप

महाराष्ट्र के लातूर जा रहे हाफिज मोहम्मद इमरान नाम के एक शख्स पर कथित तौर पर उसकी धार्मिक पहचान की वजह से हमला किए जाने का मामला सामने आया है. यह घटना मनमाड-काकीनाडा-शिरडी एक्सप्रेस ट्रैन की बताई जा रही है. 11 फरवरी को सोशल मीडिया के जरिए मामला चर्चा में आ गया.
खबरों के मुताबिक, ट्रेन जब हैदराबाद के हाफीजपेट रेलवे स्टेशन पर रुकी हुई थी, उसी दौरान यह घटना हुई. इमरान का कहना है कि ट्रेन के डिब्बे में पहले से कुछ लोगों के बीच झगड़ा चल रहा था. वे सिर्फ यह पूछने आगे बढ़े थे कि मामला क्या है और किस बात पर मारपीट हो रही है. लेकिन इसी दौरान माहौल अचानक बिगड़ गया.
‘दाढ़ी और टोपी की वजह से निशाना बनाया’
इमरान ने अधिकारियों को दिए बयान में कहा, मुझे जबरन उठाकर मारने लगे. उनका आरोप है कि उन्होंने दाढ़ी और टोपी पहन रखी थी, जिसकी वजह से उन्हें निशाना बनाया गया.
उनका कहना है कि करीब 20 लोगों के समूह ने मिलकर उनके साथ मारपीट की. बीच-बचाव करने पहुंचे उनके एक दोस्त के साथ भी कथित तौर पर धक्का-मुक्की और मारपीट की गई.
हमलावरों की पहचान का दावा
इमरान ने दावा किया है कि वह हमलावरों को पहचान सकते हैं और जरूरत पड़ने पर पुलिस को उनकी पहचान बताने के लिए तैयार हैं. उनका कहना है कि यदि यात्रियों से पूछताछ की जाए तो सच्चाई सामने आ सकती है.
इस घटना के सामने आने के बाद एआईएमआईएम (AIMIM) पार्टी ने भी मामले को उठाया है. पार्टी की ओर से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है. नेताओं का कहना है कि ट्रेन जैसे सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की घटना चिंताजनक है और प्रशासन को तुरंत कदम उठाने चाहिए.
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.



