व्हाट्सएप के जरिए चल रहा था रैकेट,होटल में हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का भंडाफोड़


दिल्ली से सटे गाजियाबाद में पुलिस ने एक कथित हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। मामला कौशांबी थाना क्षेत्र स्थित होटल सरोवर पोर्टिको का है, जहां कथित तौर पर होटल की आड़ में देह व्यापार संचालित किया जा रहा था।पुलिस को मुखबिर से होटल में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पुलिस टीम ने छापेमारी की, जिसमें पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ।
व्हाट्सएप के जरिए ग्राहकों से संपर्क
एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव के अनुसार, गिरोह व्हाट्सएप के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क करता था। ग्राहकों को बड़ी संख्या में युवतियों की तस्वीरें भेजी जाती थीं, जिनमें विदेशी युवतियों की तस्वीरें भी शामिल होने की बात सामने आई है। ग्राहक अपनी पसंद बताने के बाद होटल के कमरों और सूट्स में बुलाए जाते थे।
11 महिलाएं बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार
छापेमारी के दौरान पुलिस ने होटल के विभिन्न कमरों से 11 महिलाओं को बरामद किया। प्रारंभिक पूछताछ में कुछ महिलाओं ने बताया कि उन्हें नौकरी और अधिक आय का झांसा देकर इस काम में लाया गया था।पुलिस ने राहुल शर्मा, अंकित चौहान और सुनील नामक तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। राहुल शर्मा को गिरोह का कथित संचालक और होटल का मैनेजर बताया जा रहा है। आरोपियों के पास से गांजा और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद होने की जानकारी दी गई है।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
जांच जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बरामद महिलाओं की पृष्ठभूमि की जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि उन्हें किन परिस्थितियों में यहां लाया गया था और क्या यह किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा मामला है। फिलहाल महिलाओं के मोबाइल नंबर और पते दर्ज कर उन्हें परिजनों के सुपुर्द/रिहा किया गया है। मामले में अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।



