‘जहां मिलेंगे बाबू-सोना, तोड़ देंगे कोना-कोना’, वैलेंटाइन डे से पहले शिवसेना की चेतावनी

मध्य प्रदेश के सागर में वैलेंटाइन डे Valentine’s Day (14 फरवरी) के विरोध में शिवसेना ने अपना पारंपरिक मोर्चा खोल दिया है. पश्चिमी संस्कृति के इस त्योहार का विरोध जताने के लिए शिवसैनिकों ने अनूठे और आक्रामक अंदाज में तैयारियां शुरू कर दी हैं. शहर के पहलवान बाबा मंदिर में शिवसैनिकों ने बाकायदा लठों (डंडों) की पूजा-अर्चना की और उन्हें चमेली व सरसों का तेल पिलाकर तैयार किया. संगठन ने साफ चेतावनी दी है कि वैलेंटाइन डे के नाम पर अश्लीलता फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.
शिवसैनिकों ने दी चेतावनी
शिवसेना उप राज्य प्रमुख पप्पू तिवारी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने लठ-पूजन के बाद, ‘जहां मिलेंगे बाबू सोना छोड़ देंगे कोना कोना’ का नारा लगाते हुए हुंकार भरी. उन्होंने कहा कि 14 फरवरी को मनाया जाने वाला वैलेंटाइन डे भारतीय संस्कृति और परंपरा का हिस्सा नहीं है. शिवसैनिकों ने चेतावनी दी है कि यदि इस दिन पार्कों, होटलों, रेस्टोरेंट या धार्मिक स्थलों के आसपास कोई भी प्रेमी युगल अश्लीलता फैलाते हुए पकड़ा गया, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
मौके पर ही करा देंगे फेरे- शिवसेना
शिवसेना नेताओं ने प्रशासन और प्रेमी युगलों को आगाह करते हुए कहा है कि उनकी टीमें शहर भर में निगरानी रखेंगी. पप्पू तिवारी ने ऐलान किया, “अगर सार्वजनिक स्थानों पर कोई प्रेमी जोड़ा अश्लीलता करता पाया गया, तो हम उनके माता-पिता को बुलाएंगे और अगर वे बालिग हैं, तो मौके पर ही उनकी शादी करा दी जाएगी.”
होटल संचालकों को भी अल्टीमेटम
शिवसेना प्रमुख ने होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को भी कड़े शब्दों में चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि 14 फरवरी को यदि किसी भी होटल या रेस्टोरेंट में ‘अश्लील’ कार्यक्रम या पार्टियों का आयोजन किया गया, तो उन्हें शिवसैनिकों के उग्र विरोध का सामना करना पड़ेगा. संगठन का कहना है कि वे हर साल की तरह इस साल भी अपनी संस्कृति की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरेंगे और पाश्चात्य संस्कृति के अंधानुकरण को रोकेंगे.
Input By : विनोद आर्य



