बाराबंकी का इश्कबाज दरोगा! शिकायतकर्ता महिला को दे बैठा दिल, पति को धमकाने का आरोप

यूपी का बाराबंकी जिले इन दिनों एक दरोगा जी की इश्कबाजी के लिए सोशल मीडिया पर चर्चा में है. बाराबंकी जिले के यहां रामनगर थाने में तैनात दरोगा अखिलेश यादव एक महिला के प्रेम संबंध को लेकर सुर्खियों में है. बताया जा रहा है ये दरोगा साहब एक जांच करने के मामले में पीड़ित पक्ष की महिला को ये दिल दे बैठे जिसके चलते पुलिस विभाग के इन दरोगा साहब का मामला सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में है.
मिली जानकारी के अनुसार रामनगर थाने में तैनात दरोगा अखिलेश यादव एक पारिवारिक विवाद की शिकायत की जांच करने के लिए गए थे. आरोप है कि जांच के दौरान ही वे पीड़ित महिला को दिल दे बैठे और दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हो गया. महिला के पति का आरोप है कि दरोगा ने उसकी पत्नी को नौकरी दिलाने का झांसा दिया और पति की अनुपस्थिति में चोरी-छिपे उससे फोन पर बात करने लगा.
विरोध करने पर महिला के पति को दी फंसाने की धमकी
इसके बाद जब इस मामले की ऑडियो और कॉल डिटेल वायरल हुई और पति ने विरोध किया, तो दरोगा ने उसे डकैती और शराब तस्करी जैसे झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी. पीड़ित पति की शिकायत पर बाराबंकी के एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं. फिलहाल आरोपी दरोगा छुट्टी पर चले गए हैं और उन्होंने इन आरोपों को निराधार बताया है.
दरोगा की करतूतों से पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
दरोगा अखिलेश यादव की करतूतों ने ‘मित्र पुलिस’ कही जाने वाली यूपी पुलिस पर सवाल खड़े कर दिए है . जिस महिला के इश्क में दरोगा जी पड़े है उस पीड़िता का बयान सामने आया तो पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. पीड़िता ने दरोगा पर न केवल प्रताड़ना, बल्कि छेड़छाड़ और जबरन गाड़ी में खींचकर ले जाने जैसे गम्भीर आरोप लगाए हैं. पीड़िता का कहना है कि दरोगा उसे अपने पति को छोड़ने और उसके साथ रहने के लिए दबाव बना रहा था.
दरोगा ने महिला को दिया नौकरी लगवाने का झांसा
पीड़िता ने बताया कि एक पारिवारिक विवाद की जांच के बहाने दरोगा अखिलेश यादव ने उसके घर में घुसपैठ की. दरोगा अक्सर उसे फोन कर 10-10 मिनट तक बात करता था और विरोध करने पर केस की जांच का हवाला देता था. महिला ने कहा, “दरोगा उसे लालच देता था कि तुम बहुत स्मार्ट और पढ़ी-लिखी हो अपने पति को छोड़ दो मैं तुम्हारी अच्छी जगह नौकरी लगवा दूंगा.जब महिला ने मना किया तो वह उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगा.”
‘दरोगा ने गाड़ी में बैठाकर की अश्लील हरकत’
पीड़िता ने एक खौफनाक वाकये का जिक्र करते हुए बताया कि एक बार दरोगा ने उसे रास्ते में रोका और जबरदस्ती खींचकर अपनी गाड़ी में बैठा लिया. गाड़ी के भीतर दरोगा ने उसका हाथ पकड़ा और अश्लील हरकतें करने लगा.पीड़िता ने कहा, “जब मैं चिल्लाने लगी और आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे तब मैं किसी तरह कार का गेट खोलकर वहां से अपनी इज्जत बचाकर भागी.” इस घटना के बाद भी दरोगा का दुस्साहस कम नहीं हुआ, वह लगातार उसके घर आता रहा.
महिला ने बताया कि दरोगा की नीयत इतनी खराब है कि वह अक्सर घर में पुरुषों की अनुपस्थिति में धमक पड़ता था. एक बार जब घर पर कोई नहीं था तो वह सीधे महिला के कमरे तक चला आया. विरोध करने पर उसने बदतमीजी की लेकिन तभी महिला की छोटी ननद के आ जाने से वह बाहर भाग निकला.
पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री पोर्टल में की शिकायत
पीड़िता का आरोप है कि वह दो-तीन बार स्थानीय स्तर पर शिकायत कर चुकी है लेकिन रसूखदार दरोगा के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई. हालांकि मामला तूल पकड़ने पर अधिकारी ने जांच की बात कही है. दूसरी ओर दरोगा ने पीड़िता के पति को डकैती और शराब तस्करी के झूठे केस में फंसाने की धमकी दी है. पीड़ित परिवार ने अब पुलिस कप्तान अर्पित विजयवर्गीय और मुख्यमंत्री पोर्टल का दरवाजा खटखटाया है.



