राज्य

गिरिडीह: जमीन विवाद में जमकर चलीं तलवारें और ईंट-पत्थर, 1 घायल, घटना का वीडियो वायरल

झारखंड के गिरिडीह जिले में एक बार फिर जमीनी विवाद ने खूनी रूप ले लिया है. देवरी थाना क्षेत्र के चितरोकुरहा गांव में जमीन के एक टुकड़े को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई. इस दौरान लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर और यहां तक कि खुलेआम तलवारें भी लहराई गईं. इस हिंसक झड़प का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लोग एक-दूसरे की जान लेने पर उतारू दिखाई दे रहे हैं.

घायल युवक कारु यादव (35) ने बताया कि विवाद उस समय शुरू हुआ जब वह अपनी जमीन पर घर का निर्माण कार्य करवा रहा था. आरोप है कि तभी गांव के ही गुड्डू साव अपने कुछ साथियों के साथ वहां आ धमके. उनके हाथों में लाठी, लोहे की रॉड और तलवारें थीं. हमलावरों ने पहले तो निर्माणाधीन दीवार को धक्का देकर गिरा दिया और जब कारु ने इसका विरोध किया, तो उन पर जान से मारने की नीयत से तलवार से हमला कर दिया गया. इस हमले में कारु यादव गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवरी में करवाया गया है.

तलवारें लहराते वीडियो वायरल 

घटना का जो वीडियो सामने आया है, वह कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे कुछ लोग हाथों में नंगी तलवारें लहरा रहे हैं और दोनों पक्षों के बीच ईंट-पत्थरों की बारिश हो रही है. इस दौरान मौके पर भगदड़ और दहशत का माहौल बन गया.

पुलिस कर रही जांच 

मामले की सूचना मिलते ही देवरी थाना प्रभारी सोनी साहू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया. थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से थाने में लिखित आवेदन दिया गया है. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है और वायरल वीडियो व आवेदनों के आधार पर जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा.

Input By : पंचानंद राय

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!