दरभंगा में 6 साल की बच्ची से रेप के बाद हत्या, तेजस्वी यादव ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

बिहार के दरभंगा में एक 6 साल की नाबालिग बच्ची के साथ रेप कर उसकी हत्या कर दी गई. घटना के बाद इलाके में अराजकता का माहौल पैदा हो गया है. इस घटना पर इलाके में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है.
इसी बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने लिखा कि बिहार के दरभंगा में 6 साल की नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म बाद नृशंस हत्या कर दी गई है. बिहार में पीड़ितों और गरीबों की कहीं कोई सुनने वाला नहीं.
तेजस्वी यादव ने खड़े किए सवाल
तेजस्वी यादव ने आगे लिखा कि पुलिस की रिकॉर्डतोड़ नाकामयाबी, कम दोष-सिद्धि दर और ज्वलंत घटनाओं पर मुख्यमंत्री की अनभिज्ञता के चलते जनता अब सड़कों पर उतर चुकी है. उन्होंने लिखा कि प्रदेश में चहुंओर अराजकता और अव्यवस्था का आलम है. विधि व्यवस्था चरमरा गई है. अपराधियों और सत्ताधारी नेताओं के गठजोड़ में जनता पिस रही है. हाल के दिनों में बहन-बेटियों के साथ बलात्कार और हत्या की घटनाओं में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है.
तेजस्वी यादव ने साझा की हालिया घटनाओं की सूची
- पटना में NEET छात्रा की दुष्कर्म उपरांत हत्या
- मधेपुरा में महिला की दुष्कर्म उपरांत हत्या
- खगड़िया में 4 वर्षीय बच्ची की दुष्कर्म उपरांत हत्या
- मुजफ्फरपुर में महिला की अपहरण बाद हत्या
- गोपालगंज में छेड़खानी का विरोध करने पर युवती की हत्या
- कैमूर में 14 वर्षीय किशोरी की हत्या
- मुंगेर में महिला की हत्या
- सुपौल में महिला की हत्या
- मोतिहारी में युवती की हत्या
- कटिहार में महिला की संदिग्ध हत्या
- सोनपुर में महिला की हत्या
- मुजफ्फरपुर में पांच वर्ष की मासूम से रेप
- गोपालगंज के भोरे में 5 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म
- मधेपुरा के सिंहेश्वर में नाबालिग छात्रा से गैंगरेप
- मोतिहारी में युवती पर बदमाशों ने किया एसिड अटैक
- गोपालगंज में नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म
- छपरा में नाबालिग लड़की से गैंगरेप
तेजस्वी यादव ने आखिर में लिखा कि सत्ता संरक्षण में बलात्कारियों, हत्यारों और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. खुद सरकार के मंत्री सत्ता संपोषित अपराध को खुलेआम स्वीकार कर रहे हैं. प्रदेश में अराजकता और अव्यवस्था की स्थिति काफी चिंताजनक तथा मुख्यमंत्री की चुप्पी खतरनाक और आपराधिक है.



