बिहार: जेल नहीं जाएंगे पप्पू यादव? पुलिस हिरासत में बिगड़ी तबीयत, कोर्ट ने दिया ये आदेश

बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव को 31 साल पुराने विवादित संपत्ति मामले में पटना पुलिस ने शुक्रवार (6 फरवरी) की देर रात उनके आवास से गिरफ्तार किया. इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें मेडिकल जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया. इस बीच सवाल खड़े हो रहे हैं कि क्या पप्पू यादव जेल नहीं जाएंगे?
इस बीच अब शनिवार (7 फरवरी) को एमपी/एमएलए कोर्ट में पेशी के दौरान मामले की सुनवाई हुई, लेकिन कोर्ट ने उन्हें न्यायिक हिरासत में लेते हुए सोमवार (9 फरवरी) तक के लिए PMCH में ही रखने का आदेश दिया. कोर्ट ने यह भी कहा है कि जमानत के संबंध में अगली सुनवाई सोमवार को होगी. तब ही दोनों पक्षों की दलीलें सुनी जाएंगी.
क्या है पूरा मामला?
पप्पू यादव पर यह मामला 1995 में दर्ज एक प्रकरण से जुड़ा है. इसमें आरोप है कि उन्होंने किराए पर लिए गए मकान को कार्यालय के रूप में इस्तेमाल किया. बाद में उस पर कब्जा कर लिया था, जिस पर कोर्ट ने लंबे समय तक सुनवाई न होने पर गिरफ्तारी वारंट जारी किया था.
गिरफ्तारी के तुरंत बाद बिगड़ी तबीयत
गिरफ्तारी के तुरंत बाद पप्पू यादव को इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) में लाया गया, लेकिन उनकी सेहत में गिरावट आ गई. डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चलता रहा और बाद में उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) भेज दिया गया, जहां वे फिलहाल भर्ती हैं.
पप्पू यादव को लेकर पुलिस ने दी यह जानकारी
समर्थकों और पुलिस ने बताया कि उनकी देखरेख जारी है और चिकित्सक उनकी हालत पर लगातार नजर रख रहे हैं. इस दौरान पप्पू यादव को जेल भेजने के बजाय अस्पताल में ही रखने का फैसला किया गया है, क्योंकि उनकी सेहत को देखते हुए चिकित्सीय निगरानी जरूरी समझी गई. फिलहाल इस मामले में अब कोर्ट सोमवार (9 फरवरी) को सुनवाई करेगा.



