राज्य

‘ब्राह्मण समाज अपनी उपेक्षा…’, यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मायावती ने चली बड़ी चाल

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) प्रमुख मायावती ने संगठन को मजबूत करने के निर्देश दिए हैं. लखनऊ में हुई बड़ी बैठक में संगठन में बदलाव, चुनावी तैयारी तेज करने और जनता की समस्याओं सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य व रोजगार को मुद्दा बनाने पर जोर दिया है.

इस बीच मायावती ने कहा है कि सर्वसमाज के हित में बसपा ही बेहतर विकल्प है. इसके लिए कार्यकर्ता पूरी ताकत से ग्राउंड पर उतरें. उत्तर प्रदेश की चार बार रहीं मुख्यमंत्री व पूर्व सांसद बहन मायावती ने शनिवार (7 फरवरी) को लखनऊ में बीएसपी उत्तर प्रदेश स्टेट यूनिट के स्टेट, मंडल, जिला व विधानसभा आदि स्तर तक के सभी छोटे-बड़े पदाधिकारियों की बड़ी बैठक की. 

विधानसभा चुनाव को लेकर किया विचार-विमर्श

इस बैठक में विशेषकर आगामी यूपी विधानसभा आम चुनाव के संबंध में गहन विचार-विमर्श किया. इसके साथ-साथ चुनावी और जमीनी तैयारियों को तेज करने को मद्देनजर रखते हुए पार्टी संगठन में व्यापक फेरबदल करके मिशनरी लोगों को पूरी तरजीह व आगे बढ़ाते हुए उन्हें अहम जिम्मेदारी भी सौंपी.

इस बीच मायावती ने कहा कि पार्टी के लोग, विरोधी पार्टियों के साम, दाम, दंड, भेद आदि हथकंडों तथा कुछ स्वार्थी दलित संगठनों आदि के घिनौने षड्यंत्रों का डट कर मुकाबला करते हुए पूरे जी-जान से पार्टी संगठन को मजबूत बनाने में लगे हुए हैं.

चुनावों को लेकर किया गया फेरबदल

बसपा चीफ ने बताया कि विधानसभा चुनाव की तैयारियों को ध्यान में रखकर संगठन में जरूरी फेरबदल किया गया है. जिससे मिशन-2027 को मिशन 2007 की तर्ज पर हकीकत में बदला जाए. उत्तर प्रदेश में लोगों की चाहत तथा पार्टी के संकल्प के मुताबिक ‘सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय’ की पूर्ण बहुमत की बी.एस.पी. सरकार फिर से बनाई जा सके.

सभी लोग मायावती के ‘कानून द्वारा कानून के बेहतरीन राज’ का पुनः पूरा लाभ उठा सकें और अमन-चैन व रोजगार के साथ विकासयुक्त जीवन आत्मसम्मान के साथ व्यतीत कर सकें. जिसका बी.एस.पी. की सरकार जाने के बाद से, आम जन धारणा के अनुसार, यहां लगातार घोर अभाव चल रहा है और बसपा सरकार की प्रतीक्षा है.

बीजेपी पर बोला करारा हमला

मायावती ने कहा कि वैसे तो बीजेपी सरकार से कुछ मुट्ठीभर उन लोगों की छोड़कर जिनके स्वार्थ की पूर्ति हर प्रकार से हो रही है, समाज के हर वर्ग के लोग काफी ज्यादा दुखी व त्रस्त हैं. खासकर ब्राह्मण समाज अपनी उपेक्षा, असुरक्षा व असम्मान आदि के विरुद्ध काफी मुखर है और जिसकी चर्चा देश भर में है. जबकि बी.एस.पी. ने सर्वसमाज के साथ-साथ उन्हें भी पूरा-पूरा आदर-सम्मान, पद व न्याय दिया.

उन्होंने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश के लोगों को अपने अच्छे दिन हेतु बेहतर सड़क, बिजली, पानी, ट्रैफिक, शिक्षा, अस्पताल अर्थात् रोजगार सहित समतामूलक विकास की सख्त जरूरत है. बसपा चीफ ने यह भी कहा कि एस.आई.आर. में सरकार आमजन को वोटर बनने में सहानुभूतिपूर्वक सहयोग करें.

बजट सत्र को लेकर क्या बोलीं बसपा चीफ?

बसपा चीफ ने कहा कि संसद का वर्तमान बजट सत्र भी सरकार व विपक्ष के बीच जबरदस्त राजनीति व टकराव के कारण काफी हंगामेदार तथा स्थगन, निंलबन व बॉयकॉट आदि से ग्रस्त रहा है. जबकि संसद में सवाल-जवाब के साथ सभी को अपनी बात रखने का पूरा मौका मिलना चाहिए. उन्होंने आगे कहा कि सभी को मौका मिलना बेहतर होगा, ताकि तथ्यों के आधार पर जनता खुद सही-गलत का आकलन कर सके.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!