राज्य

मुंबई: दादर स्टेशन पर यात्रियों को ठगने वाले 7 टैक्सी चालक गिरफ्तार, 4 टैक्सी जब्त

मुंबई के माटुंगा पुलिस थाना क्षेत्र में दादर रेलवे स्टेशन पूर्व इलाके में यात्रियों से ठगी करने वाले टैक्सी चालकों और उनके साथियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है. 24 जनवरी 2026 और 26 जनवरी 2026 को हुई दो अलग-अलग घटनाओं में दो यात्रियों से क्रमशः 1800 रुपये और 2000 रुपये की ठगी की गई थी. मामले की जांच के बाद पुलिस ने कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों के पास से ठगी से जुड़ी संपत्ति और 4 टैक्सियां भी जब्त की गई हैं.

माटुंगा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक दादासाहेब घुटुकड़े ने बताया कि आरोपी टैक्सी चालक सुबह-सुबह प्लेटफॉर्म पर आने वाले यात्रियों को मीठी बातों में फंसाकर स्टेशन के बाहर अपनी टैक्सी तक ले जाते थे. वहां पहले से मौजूद 2-3 साथी चालक मिलकर यात्रियों से 500 रुपये का नोट दिखाने के लिए कहते थे.

इसके बाद हाथ की सफाई से नोट बदलकर उसे 100 रुपये बताकर वापस करते और असली 500 रुपये का नोट टैक्सी में ही गिरा देते थे. टैक्सी के अंदर साफ दिखाई न दे, इसके लिए नीली लाइट लगाई जाती थी. इस तरीके से कई यात्रियों को ठगा गया.

सुबह का समय चुनते थे आरोपी

पुलिस ने आगे बताया कि आरोपी ठगी के लिए सुबह का समय इसलिए चुनते थे क्योंकि उन्हें पता है कि सुबह-सुबह यात्री थोड़ा नींद में होते हैं, पूरी तरह फ्रेश नहीं होते और उन्हें जल्दबाजी होती है. इसी वजह से यह समय चुना जाता था.

पुलिस की अपील और निर्देश

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी के साथ ऐसा होता है तो उन्हें तुरंत इस बात की जानकारी पुलिस को देनी चाहिए. पुलिस यात्रियों का ज्यादा समय नहीं लेगी. इसके साथ ही लोकल पुलिस, रेलवे पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त मीटिंग हुई है, जिसमें कई मार्गदर्शन किए गए हैं और सबको निर्देश दिया गया है कि टैक्सी ड्राइवर स्टेशन पर न जा पाएं. यह कार्रवाई यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!