2012 वाला जादू दोहराएंगे अखिलेश यादव? अशुभ-शुभ के बीच नोएडा से ही करेंगे मिशन-27 का आगाज

समाजवादी पार्टी प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए नोएडा से चुनाव प्रचार शुरू करेंगे. ऐसा कहा जाता है कि वह नोएडा जाना अशुभ मानते थे, लेकिन अब यहीं से वह चुनाव प्रचार की शुरुआत करने जा रहे हैं.
नोएडा से इस अभियान की शुरुआत इसलिए भी खास है क्योंकि यूपी की राजनीति में यह मान्यता थी कि प्रदेश का जो भी मुख्यमंत्री नोएडा जाएगा वह 6 महीने के अंदर अपनी कुर्सी खो देगा. इसी वजह से अखिलेश यादव अपने कार्यकाल के दौरान कभी नोएडा नहीं गए थे. यहां तक कि उन्होंने 2017 और 2022 के चुनावों में दूसरे जिलों से अपने चुनावी अभियान की शुरुआत की, लेकिन वह सत्ता हासिल नहीं कर पाए.
हालांकि साल 2012 में विधानसभा चुनावों से पहले अखिलेश यादव ने अपनी साइकिल रैली गौतमबुद्धनगर से ही शुरू की थी. उसके बाद वह सत्ता में आए थे. कयास लगाए जा रहे हैं कि अखिलेश यादव इस उम्मीद में हैं कि अगर वह गौतमबुद्धनगर से अपना चुनावी अभियान शुरू करेंगे तो वह 2027 में सत्ता में आ जाएंगे.
चुनावी अभियान की शुरुआत पर क्या बोले सपा प्रवक्ता?
समाजवादी पार्टी नोएडा से चुनावी अभियान की शुरुआत कर रही है. इस पर सपा प्रवक्ता मनोज काका ने कहा कि 2012 में हमने अभियान शुरू किया था और साइकिल चलाई थी. आगे ये भी शुभ होगा. उन्होंने आगे कहा कि बीजेपी का आने वाला समय खराब होने वाला है.
बसपा की बैठक पर भी दी प्रतिक्रिया
लखनऊ में बसपा सुप्रीमो मायावती ने शनिवार को आगामी चुनावों की तैयारियों के लिए बैठक की. इस पर मनोज काका ने कहा कि कम से कम बहन मायावती कार्यालय तो पहुंची है. कई बार ऐसा होता है कि मीटिंग यहां होती है और प्रत्याशी दूसरे तय कर देते हैं.
अरशद मदनी के बयान क्या कहा?
मौलाना अरशद मदनी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए मनोज काका ने कहा कि ये हमेशा से प्यार मोहब्बत परक देश रहा है ये देश पंथनिरपेक्ष देश है. वहीं रेवंत रेड्डी के ‘मुस्लिम भाई रेवंतउद्दीन कहें, कोई फर्क नहीं पड़ता’ वाले बयान पर कहा कि मुलायम सिंह यादव को भी लोगों ने तमाम नाम दिए गए थे जो लोग समता का व्यवहार करते हैं उनके लिए लोग ऐसा कहते हैं. इसका बेहतर जवाब कांग्रेस देगी.
ट्रेड डील के सवाल पर क्या कहा?
ट्रेड डील को लेकर अब बीजेपी ने कहा है डेयरी प्रोडक्ट में किसानों को नुकसान नहीं है. इस पर उन्होंने कहा कि ये तो ऐसी बात है कि आरोपी उसी को जज बना दीजिए. परीक्षार्थी को कॉपी जांचने दीजिए. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जो बात कही अमेरिका का डेयरी प्रोडक्ट आएगा तो किसानों को नुकसान होगा. ये वही सरकार है जो अमेरिका के आगे किसान को गिरवी रखना चाहती है.
सपा के अभियान पर बीजेपी ने दी प्रतिक्रिया
बीजेपी प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने कहा कि समाजवादी पार्टी अगर अपना चुनावी अभियान नोएडा से शुरू करने जा रही है तो इन्हें योगी आदित्यनाथ और बीजेपी को धन्यवाद देना चाहिए. उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल है. अभियान शुरू कर सकते हैं. जनता ने तय कर लिया है विकास के साथ है और वो बीजेपी है.
मनीष शुक्ला ने अरशद मदनी के बयान पर कहा कि वे ये भूल जाते हैं कि भारत की बहुसंख्यक जनता है वो हिंदू धर्म की है. जहां क्रिश्चियन ज्यादा है वहां क्रिश्चियनिटी है जहां मुस्लिम ज्यादा हैं वो मुस्लिम देश है.
अरशद मदनी ने दिया ये बयान
मौलाना अरशद मदनी ने एक बयान दिया है जो चर्चा में है. उन्होंने कहा कि नफरत के सौदागर और हिंदू राष्ट्र का सपना देखने वालों को नेपाल से सबक लेना चाहिए. एक दिन ऐसा भी अवश्य आएगा जब जालिमों के गले में जंजीरें होंगी और देश एक बार फिर प्यार, मोहब्बत और इंसाफ के साए में तरक्की करेगा.



