Kashi Vishwanath Dham: श्री काशी विश्वनाथ धाम में शुरू हुआ महाशिवरात्रि उत्सव, 4 दिन तक बंद रहेंगे स्पर्श दर्शन

भगवान शंकर की नगरी के रूप में पहचाने जाने वाली काशी की महाशिवरात्रि का उत्सव उमंग एक अलग ही रूप में देखा जाता है. विशेष तौर पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं के उमड़ने वाले जन सैलाब अपने आप में शिव भक्ति की अनोखी तस्वीर को दर्शाते हैं.
मंदिर प्रशासन की तरफ से मिली जानकारी के अनुसार, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व उत्सव का प्रारंभ हो चुका है. इसके अलावा मंदिर प्रशासन की तरफ से यह भी तय किया गया है कि 14 फरवरी से 17 फरवरी तक बाबा के स्पर्श दर्शन और किसी भी प्रकार के विशेष दर्शन पर रोक रहेगी.
काशी विश्वनाथ मंदिर में महाशिवरात्री की तैयारियां शुरू
श्री काशी विश्वनाथ धाम के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्रा ने एबीपी लाइव को जानकारी देते हुए बताया कि – महाशिवरात्रि पर्व को लेकर मंदिर में तैयारी को शुरू किया जा चुका है. श्री गणेश पूजन के साथ इस महापर्व का उत्सव प्रारंभ हो चुका है. मंदिर में शास्त्रीय महोत्सव की शुरुआत होगी, जिसमें मंदिर के सभी प्रधान विग्रहों का रुद्राभिषेक कर उन्हें जागृत किया जाएगा. सभी देवताओं से आवाहन किया जाएगा कि वह इस महोत्सव में सहभागी हों.
14 से 17 फरवरी तक स्पर्श दर्शन पर रोक
इसके अलावा उन्होंने अन्य जानकारी देते हुए यह भी बताया कि 14 फरवरी से 17 फरवरी तक बाबा के स्पर्श दर्शन पर श्रद्धालुओं की व्यवस्था और भीड़ को देखते हुए रोक रहेगी. किसी भी प्रकार का विशेष दर्शन नहीं हो सकेगा. झांकी दर्शन से श्रद्धालुओं को बाबा का आशीर्वाद प्राप्त होगा.
काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से की अपील
मंदिर प्रशासन की तरफ से श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वह धैर्य और शांतिपूर्ण तरीके से दर्शन प्राप्त करें. महाशिवरात्रि के दिन अलग-अलग प्रवेश द्वार से भक्तों को प्रवेश मिलेगा. किसी भी प्रकार का डिवाइस गैजेट मंदिर में श्रद्धालु नहीं ले जा सकेंगे. शुद्ध पेयजल , प्राथमिक उपचार अथवा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को भी उपलब्ध कराया जाएगा.



