दिल्ली नगर निगम के 200 दिव्यांग छात्रों ने पैरा एथलेटिक्स में दिखाया दम, पहले दिन जीते 124 पदक

दिल्ली नगर निगम के विद्यालयों में पढ़ने वाले दिव्यांग छात्रों ने एक बार फिर साबित कर दिया कि अवसर और मंच मिले तो प्रतिभा किसी पहचान की मोहताज नहीं होती. जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित तीसरी दिल्ली राज्य पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता में निगम के 200 छात्रों ने उत्साह और आत्मविश्वास के साथ भाग लेते हुए शानदार प्रदर्शन किया.
तीसरी दिल्ली राज्य पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन 5 से 7 फरवरी 2026 तक जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में किया जा रहा है. प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में दिल्ली नगर निगम के विद्यालयों के छात्रों ने मार्च पास्ट में हिस्सा लेकर आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया. इस दौरान छात्रों का जोश और अनुशासन देखते ही बन रहा था.
अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट की देखरेख में मिली तैयारी
दिल्ली नगर निगम के दिव्यांग छात्रों ने अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट विकास डागर के मार्गदर्शन और देखरेख में इस प्रतियोगिता में भाग लिया. अनुभवी प्रशिक्षक के सान्निध्य में मिली ट्रेनिंग का असर मैदान पर साफ नजर आया. जहां छात्रों ने आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
समावेशी शिक्षा की सोच को मिला सशक्त मंच
दिल्ली नगर निगम अपने विद्यालयों में समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देने और प्रत्येक छात्र को समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है. इसी सोच के तहत निगम के 200 दिव्यांग छात्रों ने दृष्टिबाधित, बौद्धिक अक्षमता, मस्तिष्क पक्षाघात, ड्वार्फ और लोकोमोटर हाथ एवं पैर श्रेणियों में आयोजित प्रतियोगिताओं में भाग लिया.
दौड़ से लेकर थ्रो तक दिखी प्रतिभा
प्रतियोगिता के दौरान छात्रों ने 100 मीटर दौड़, लंबी कूद, गोला फेंक और चक्का फेंक जैसी विभिन्न खेल गतिविधियों में अपनी भागीदारी दर्ज कराई. हर स्पर्धा में छात्रों ने पूरे मनोयोग और खेल भावना के साथ प्रदर्शन कर दर्शकों और आयोजकों का ध्यान आकर्षित किया.
पहले दिन 124 पदक जीतकर रचा इतिहास
प्रतियोगिता के पहले ही दिन दिल्ली नगर निगम के दिव्यांग छात्रों ने उम्दा खेल कौशल का परिचय देते हुए कुल 124 पदक अपने नाम किए. यह उपलब्धि निगम विद्यालयों में उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और प्रशिक्षण व्यवस्था की मजबूती को दर्शाती है.
निगम विद्यालयों के छात्रों का यह उत्कृष्ट प्रदर्शन इस बात का प्रमाण है कि दिल्ली नगर निगम अपने विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्रों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है. उद्देश्य यही है कि निगम विद्यालयों के छात्र शिक्षा के साथ-साथ खेल और अन्य क्षेत्रों में भी सफलता की नई इबारत लिख सकें.
ये भी पढ़िए- दरभंगा के जिस गांव में 70 ब्राह्मणों पर SC-ST एक्ट लगा वहां अब उठाया गया बड़ा कदम, ऐक्शन में पुलिस



