राज्य

राजस्थान: गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम का दावा, ‘गहलोत राज के मुकाबले घटे महिला अपराध’

राजस्थान विधानसभा में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर कांग्रेस को आड़े हाथों लिया. उन्होंने पूर्ववर्ती अशोक गहलोत सरकार और वर्तमान भजनलाल सरकार के कार्यकाल के आंकड़ों की तुलना करते हुए दावा किया कि प्रदेश में अब अपराधी खौफ में हैं और अपराध के ग्राफ में भारी गिरावट आई है.

सदन में बोलते हुए गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने बताया कि पिछले दो वर्षों में महिला अत्याचार के मामलों में कमी आई है. उन्होंने निम्नलिखित आंकड़े पेश किए:

  • 2023 (गहलोत सरकार): महिला अत्याचार के 42,174 प्रकरण दर्ज हुए थे.
  • 2024 (भजनलाल सरकार): यह संख्या घटकर 37,700 के आसपास रही.
  • 2025: वर्तमान में भी आंकड़े 37,900 के करीब हैं, जो पिछले शासन की तुलना में काफी कम हैं.

बेडम ने कहा, “अखबारों में यह खबर छपनी चाहिए कि दो वर्ष पहले महिला अत्याचार चरम पर थे, जबकि आज मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में स्थिति में काफी सुधार हुआ है.”

सुरक्षा के लिए उठाए गए बड़े कदम

गृह राज्य मंत्री ने प्रदेश में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए किए गए प्रयासों का विवरण भी साझा किया:

  • एंटी रोमियो स्क्वाड: मनचलों पर लगाम लगाने के लिए विशेष दस्तों का गठन.
  • कलिका यूनिट: प्रदेश के 41 जिलों में 500 ‘कलिका यूनिट’ तैनात की गई हैं.
  • महिला हेल्प डेस्क व थाने: 49 महिला थानों और हेल्प डेस्क के माध्यम से शिकायतों का त्वरित निस्तारण.
  • सशक्त नारी, जिम्मेदारी हमारी: बालिकाओं को आत्मरक्षा के लिए ट्रेनिंग देकर सशक्त बनाया जा रहा है.

पूर्व विधायक बलजीत यादव की हिरासत पर तंज

बहरोड़ के पूर्व विधायक बलजीत यादव को ईडी (ED) द्वारा हिरासत में लिए जाने पर बेडम ने तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा, “जो व्यक्ति काले कपड़े पहनकर भ्रष्टाचार के खिलाफ दिखावटी लड़ाई लड़ रहा था, आज उसकी विधायक निधि के घोटाले का पर्दाफाश हुआ है. हमारी सरकार स्पष्टवादी है; भ्रष्टाचारी चाहे कितना भी बड़ा क्यों न हो, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.”

मंत्री ने अंत में दोहराया कि मुख्यमंत्री की सख्त मॉनिटरिंग और अपराधियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के कारण ही राजस्थान में शांति और सुरक्षा का वातावरण बना है.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!