राज्य

प्रयागराज में हाईकोर्ट के अधिवक्ताओं से मिले अलंकार अग्निहोत्री, निलंबन को देंगे चुनौती?

अपने पद से इस्तीफा देने वाले बरेली के पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री सोमवार को प्रयागराज पहुंचे, निलंबन को लेकर जारी नोटिस के बाबत उन्होंने इलाहाबाद हाईकोर्ट के अधिवक्ताओं से मुलाकात की. प्रयागराज पहुंचने पर अलंकार अग्निहोत्री ने मीडिया को बयान देते हुए कहा है कि उनकी लीगल टीम निलंबन को लेकर दिए गए नोटिस का अध्ययन कर रही है, उसके बाद ही कोई अगला कदम उठाएगी.

उन्होंने निलंबन को हाईकोर्ट में चुनौती दिए जाने के भी संकेत दिए हैं, साथ ही एससी एसटी कानून को लेकर केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा है. अलंकार अग्निहोत्री ने कहा कि एससी एसटी कानून सामान्य वर्ग के लिए पूरी तरह से काला कानून है. साथ ही उन्होंने एससी-एसटी एक्ट खत्म करने के लिए केंद्र सरकार से 6 फरवरी तक विशेष सत्र बुलाए जाने की मांग की है.

दिल्ली कूच करने की दे चेतावनी

प्रयागराज में अलंकार अग्निहोत्री ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि अगर केंद्र सरकार 6 फरवरी तक विशेष सत्र नहीं बुलाती है तो 7 फरवरी से वह दिल्ली कूच करेंगे. इस दौरान अलंकार अग्निहोत्री ने अपना इस्तीफा वापस लिए जाने की किसी भी संभावना से इनकार किया है. उन्होंने स्पष्ट किया है कि वे अपना इस्तीफा वापस नहीं लेंगे.

केंद्र पर निशाना, सीएम योगी के प्रति दिखाई नरमी

बरेली के पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने इस दौरान केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला है, उन्होंने कहा है कि सरकार वेस्ट इंडिया कंपनी की तरह काम कर रही है. वहीं एक बार फिर से उन्होंने यूपी के मुखिया सीएम योगी आदित्यनाथ के प्रति नरमी दिखाई है.

उधर, यूपी सरकार के पंचायती राज मंत्री व सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री को लेकर वाराणसी में बड़ा बयान दिया है. ओम प्रकाश राजभर ने दावा किया है कि “पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री समाजवादी पार्टी के टच में थे.”

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!