राज्य

हिमाचल: 1 मार्च से स्कूलों में मोबाइल बैन, 500 रुपये जुर्माना, CM सुक्खू की बड़ी घोषणा

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिक्षा के गिरते स्तर को सुधारने और विद्यार्थियों को अनुशासन से जोड़ने के लिए एक बड़ा फैसला लिया है. गुरुवार (5 फरवरी) को बिलासपुर के घुमारवीं में आयोजित 69वीं नेशनल हैंडबॉल प्रतियोगिता के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि आगामी 1 मार्च 2026 से प्रदेश के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध लागू कर दिया जाएगा.

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि स्कूल परिसर में छात्रों को मोबाइल लाने की अनुमति नहीं होगी. यदि किसी छात्र के पास मोबाइल पाया जाता है, तो उस पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा और मोबाइल जब्त कर लिया जाएगा. इसके साथ ही छात्र के माता-पिता को स्कूल बुलाकर उनकी काउंसलिंग की जाएगी. 

मुख्यमंत्री ने कहा कि बार-बार नियम तोड़ने वाले छात्रों के खिलाफ शिक्षा विभाग द्वारा तैयार की जाने वाली SOP (मानक प्रक्रिया) के तहत सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि लंच टाइम के दौरान बच्चे पढ़ाई के बजाय मोबाइल में व्यस्त रहते हैं, जिससे उनकी एकाग्रता भंग होती है.

खिलाड़ियों और शिक्षा पर फोकस 

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि सरकार केवल नए स्कूल खोलने के बजाय बेहतर शिक्षा प्रदान करने पर ध्यान दे रही है. खेलों को बढ़ावा देने के लिए उन्होंने घोषणा की कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में खेल के मैदान बनाए जाएंगे. मुख्यमंत्री ने नेशनल हैंडबॉल प्रतियोगिता की विजेता हिमाचल प्रदेश टीम को 20 लाख रुपये की पुरस्कार राशि देने का ऐलान किया. साथ ही, एशियन गेम्स में भाग लेकर लौटी प्रदेश की बेटियों को सरकारी रोजगार उपलब्ध कराने की भी बात कही.

घुमारवीं को मिली विकास की सौगात

मुख्यमंत्री ने तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी की सराहना करते हुए घुमारवीं में विकास कार्यों को गति देने का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि घुमारवीं में इंडोर स्टेडियम का निर्माण कार्य जल्द पूरा होगा और मोरसिंगी में छात्राओं के लिए नए हॉस्टल का निर्माण किया जाएगा.

इस अवसर पर आयोजित फाइनल मुकाबले में हिमाचल की टीम ने राजस्थान को हराकर स्वर्ण पदक जीता, जबकि हरियाणा तीसरे स्थान पर रहा.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!