राज्य

श्रीगंगानगर में नवविवाहित युवक की हत्या, पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर ऐसे रची खौफनाक साजिश

राजस्थान के श्रीगंगानगर में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को चौंका दिया. शुरुआत में जो केस सड़क हादसा और लूट का लग रहा था, वही कुछ दिनों में एक सोची-समझी हत्या की साजिश बनकर सामने आया. नवविवाहित युवक आशीष की मौत और उसकी पत्नी अंजू की बेहोशी के पीछे की कहानी सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई. अब इस केस को लोग राजस्थान का हनीमून मर्डर कह रहे हैं.

यह घटना 30 जनवरी की रात की है. आशीष और अंजू, जिनकी शादी महज तीन महीने पहले हुई थी, रात के खाने के बाद टहलने निकले थे. कुछ देर बाद पुलिस को सूचना मिली कि सड़क पर एक दंपती बेसुध हालत में पड़ा है.

दोनों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने आशीष को मृत घोषित कर दिया, जबकि अंजू बेहोश थी. शुरुआत में मामला हिट-एंड-रन का लगा. अंजू ने पुलिस को बताया कि एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी और उसके सोने के गहने भी लूट लिए गए.

जांच में सामने आए बड़े विरोधाभास

पुलिस को अंजू की कहानी शुरू से ही पूरी तरह साफ नहीं लगी. घटनास्थल की जांच और फॉरेंसिक टीम की रिपोर्ट में कई सवाल खड़े हुए. पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने चौंकाने वाला खुलासा किया.

आशीष के शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान थे और गला घोंटे जाने के संकेत भी मिले, जबकि अंजू के शरीर पर कोई खास चोट नहीं पाई गई. यहीं से पुलिस को शक हुआ कि यह कोई सामान्य सड़क हादसा नहीं, बल्कि हत्या का मामला है.

फोन रिकॉर्ड ने खोली साजिश की परत

जांच आगे बढ़ी तो अंजू के मोबाइल फोन रिकॉर्ड खंगाले गए. इसमें सामने आया कि वह संजू नाम के एक युवक के लगातार संपर्क में थी, जो उसके घर के पास ही रहता था. पूछताछ में पता चला कि संजू अंजू का पूर्व प्रेमी था.

पुलिस के मुताबिक, अंजू शादी से खुश नहीं थी. शादी के कुछ समय बाद ही वह मायके लौट गई थी और वहीं से उसने अपने पुराने रिश्ते को फिर से जोड़ लिया. इसके बाद दोनों ने आशीष को रास्ते से हटाने की योजना बनाई.

सुनसान सड़क पर रची गई हत्या

30 जनवरी की रात अंजू जानबूझकर आशीष को एक सुनसान सड़क पर टहलाने ले गई. वहां पहले से ही संजू और उसके दो साथी रॉकी और बादल झाड़ियों में छिपे हुए थे. मौका मिलते ही तीनों ने आशीष पर हमला कर दिया, उसे बेरहमी से पीटा और गला घोंटकर मार डाला.

हत्या को सड़क हादसा और लूट दिखाने के लिए अंजू ने अपना मोबाइल फोन और बालियां आरोपियों को दे दीं और खुद को बेहोश दिखाने की कोशिश की.

पुलिस पूछताछ में अंजू बार-बार बयान बदलती रही. कभी हादसे की बात, कभी लूट की कहानी, उसकी बातों में लगातार विरोधाभास नजर आया. आखिरकार सख्ती से पूछताछ करने पर पूरी साजिश सामने आ गई.

चारों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने अंजू, उसके बॉयफ्रेंड संजू और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया है. यह मामला अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है. लोग इसे मेघालय के चर्चित हनीमून मर्डर से जोड़कर देख रहे हैं, जहां प्यार और लालच ने एक निर्दोष की जान ले ली थी. यह केस एक बार फिर साबित करता है कि कभी-कभी सबसे भरोसेमंद रिश्तों के पीछे भी खौफनाक सच छिपा हो सकता है.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!