‘सुधारोन्मुखी बजट’, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने की तारीफ

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने केंद्रीय बजट 2026-27 की तारीफ की है. उन्होंने इसे ‘सुधारोन्मुखी’ बजट करार दिया और कहा कि असम और पूरे पूर्वी क्षेत्र को सार्थक रूप से लाभ होगा.
हिमंत बिस्व सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कई पोस्ट किए, जिनमें उन्होंने बजट के कई बिंदुओं को सूचीबद्ध किया. उन्होंने कहा कि असम को कई पहलुओं में लाभ होने वाला है. हिमंत ने अपने पोस्ट में कहा, ‘विकसित भारत बजट-2026 प्रस्तुत करने के लिए माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और माननीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बधाई. यह बजट भारत की वैश्विक आकांक्षाओं और जमीनी स्तर के विकास के बीच एक उत्कृष्ट संतुलन स्थापित करता है.’
सीएम हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि बजट 2026-27 एक ‘सुधारोन्मुखी’ बजट है और इससे राज्य सहित देश के समूचे पूर्वी क्षेत्र को सार्थक रूप से लाभ होगा. असम में इस साल मार्च-अप्रैल में विधानसभा चुनाव होने हैं. उन्होंने कहा, ‘बजट से स्वयं सहायता केंद्रों (एसएचई-मार्ट्स) की घोषणा से एमएमयूए के अंतर्गत लखपति दीदियों का एक सशक्त तंत्र बनाने की दिशा में असम के प्रयासों को और मजबूती मिलेगी.’
हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि बजट में कौशल विकास पर बल दिया जाना, स्वास्थ्य सेवा, कृत्रिम बुद्धिमता और संबद्ध क्षेत्रों में कुशल श्रमिकों के केंद्र के रूप में उभरने के असम के दृष्टिकोण के अनुरूप है. मुख्यमंत्री ने कहा, ‘इस बजट में राज्यों को पूंजी निवेश के लिये विशेष सहायता के तहत दो लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे असम में बुनियादी ढांचागत गतिविधियों में तेजी आएगी.’
मुख्यमंत्री ने इस बात का भी उल्लेख किया कि वित्त वर्ष 2027 के बजट में पूर्वोत्तर के विकास के लिए 6,812 करोड़ रुपये का प्रावधान है, जो इस क्षेत्र पर मोदी सरकार के निरंतर ध्यान को रेखांकित करता है. उन्होंने कहा कि बजट में राजकोषीय अनुशासन और मूल्य स्थिरता पर लगातार बल देना भी उतना ही सराहनीय है.



