नकली IB अधिकारी बनकर ठगी करने वाला भगोड़ा विमल भट्ट गिरफ्तार, खुद को बताता था IPS अफसर

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक ऐसे शातिर जालसाज को गिरफ्तार किया है, जो सालों से खुद को इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) का बड़ा अधिकारी बताकर लोगों को ठग रहा था. आरोपी विमल भट्ट उर्फ सोनू, जो खुद को IPS रैंक का अधिकारी बताता था, लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था. अदालत द्वारा भगोड़ा घोषित किए जाने के बाद आखिरकार क्राइम ब्रांच ने उसे पटपड़गंज इलाके से गिरफ्तार कर लिया है.
क्राइम ब्रांच को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी विमल भट्ट पूर्वी दिल्ली के पटपड़गंज इंडस्ट्रियल एरिया में किसी से मिलने आने वाला है. पुलिस टीम ने घेराबंदी की और 29 जनवरी की दोपहर करीब 3:30 बजे उसे धर दबोचा. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी गाजियाबाद के राज नगर एक्सटेंशन स्थित अपना घर छोड़कर लगातार ठिकाने बदल रहा था.
गाड़ी पर पुलिस का स्टिकर और हाथ में फर्जी ID कार्ड
विमल भट्ट की कार्यशैली किसी फिल्मी विलेन जैसी थी. वह अपनी निजी गाड़ी पर पुलिस का स्टिकर, सायरन और लाउडहेलर लगाकर चलता था ताकि कोई उस पर शक न कर सके. वह लोगों को अपना फर्जी IB आईडी कार्ड दिखाकर डराता-धमकाता था. पुलिस ने जांच के दौरान उसके पास से फर्जी आईडी कार्ड, वॉकी-टॉकी, पुलिस की वर्दी से जुड़े सामान और सरकारी विभागों के कई नकली दस्तावेज बरामद किए हैं.
अपराधों की लंबी फेहरिस्त
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी विमल भट्ट एक पेशेवर अपराधी है. वह केवल जालसाजी ही नहीं, बल्कि अन्य गंभीर मामलों में भी वांछित था. उस पर चेक बाउंस के धोखाधड़ी वाले मामले दर्ज हैं. एक सड़क हादसे में मौत का केस चल रहा है. फर्जी अधिकारी बनकर अवैध वसूली और ठगी के कई आरोप हैं.
पुलिस ने अपने बयान में कहा कि आरोपी खुद को इतना प्रभावशाली दिखाता था कि आम लोग आसानी से उसके झांसे में आ जाते थे. इसकी गिरफ्तारी से कई अनसुलझे मामलों के खुलासे होने की उम्मीद है.



