बोलेरो सवार हमलावरों का नारनौल में तांडव, युवक को घसीटकर पीटा, पुरानी रंजिश में हमला

हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में अपराध के हौसले बुलंद हैं. नांगल चौधरी थाना क्षेत्र के गांव नांगल कालिया में पुरानी रंजिश के चलते एक 32 वर्षीय युवक पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है. बोलेरो गाड़ी में सवार होकर आए हमलावरों ने बस स्टैंड के पास स्थित एक साइबर कैफे में घुसकर युवक की बेरहमी से पिटाई की और उसे घसीटते हुए बाहर ले आए. यह पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है.
घायल युवक कुलदीप, जो पेशे से ड्राइवर है, ने पुलिस को बताया कि यह हमला पुरानी रंजिश का नतीजा है. पिछले साल गांव के ही कर्मबीर ने कुलदीप के दोस्त अनूप के साथ मारपीट की थी. कुलदीप अक्सर अपने दोस्त अनूप के ‘आयुष साइबर कैफे’ पर आता-जाता था, जो कर्मबीर को नागवार गुजर रहा था. इसी बात को लेकर आरोपी कर्मबीर उससे रंजिश रखने लगा था.
बोलेरो से आए और शुरू कर दिया तांडव
वारदात बीती शाम करीब 6:30 बजे की है. कुलदीप अपने साथियों दलीप और विजयपाल के साथ साइबर कैफे में मौजूद था. तभी कर्मबीर अपने साले के साथ बोलेरो गाड़ी में वहां पहुंचा. आरोपियों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी. विरोध करने पर हमलावरों ने कैफे का गेट तोड़ दिया और अंदर घुसकर कुलदीप पर हमला बोल दिया. सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि आरोपी कुलदीप को बेरहमी से पीटते हुए और घसीटते हुए दुकान से बाहर सड़क पर ले आए.
पुलिसिया कार्रवाई और मेडिकल रिपोर्ट
घटना के बाद घायल कुलदीप को तुरंत नागरिक अस्पताल (CHC नांगल चौधरी) में भर्ती कराया गया. मेडिकल रिपोर्ट में कुलदीप के शरीर पर तीन गंभीर चोटों की पुष्टि हुई है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है.
पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज कब्जे में ले ली गई है और आरोपियों की पहचान हो चुकी है. पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है.
Input By : Deshraj Chauhan



