नीट छात्रा के परिवार से मिले विजय सिन्हा, फूट-फूटकर रोने लगी मां, डिप्टी CM बोले- ‘मैं खुद…’

बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा मंगलवार (27 जनवरी, 2026) को जहानाबाद जाकर नीट छात्रा के परिवार से मिले. 11 जनवरी को नीट छात्रा की पटना के मेदांता अस्पताल में मौत हुई थी. परिजनों से मिलकर विजय सिन्हा ने न्याय का भरोसा दिलाया. विजय सिन्हा से मिलते ही छात्रा की मां की फूट-फूटकर रोने लगी.
छात्रा की मां ने डिप्टी सीएम को रोते-बिलखते बताया कि अगर बेटी को इंसाफ नहीं मिला तो वे भी जान दे देंगी. उन्होंने कहा कि अब भी वे इंसाफ की आस में हैं. मां ने हॉस्टल संचालक पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने तो बेटी को उसी के पास रखा था.
‘एक बेटी नहीं… बिहार की अस्मिता का सवाल’
इस दौरान विजय सिन्हा ने परिजनों की बातों को सुना. कुछ देर वे रुके. इसके बाद यहां से निकलते ही पत्रकारों से उन्होंने बात की. मीडिया से बातचीत में डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि यह सिर्फ एक बेटी का नहीं बिहार की अस्मिता का सवाल है. सुशासन के राज्य में जिन लोगों ने इस तरह की दरिंदगी का काम किया है तो सजा उनको जरूर मिलेगी. कोई बचेगा नहीं, इसलिए हर पहलू पर पूरी सत्यता की जांच की जा रही है.
मैं खुदर नजर रख रहा हूं- विजय सिन्हा
डिप्टी सीएम ने कहा कि डीजीपी से भी हमारी बात हुई है. वो स्वयं इसकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं. गृह मंत्री से भी बात हुई है. मैं खुद नजर रख रहा हूं. कोई कितना भी पहुंच वाला होगा कार्रवाई होगी. कोई नहीं बचा पाएगा.
‘लापरवाह… गैरजिम्मेदार लोग सबक लें’
एक सवाल के जवाब में विजय कुमार सिन्हा ने मीडिया को बताया कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि निचले पदाधिकारियों ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया, इसलिए दो-दो पदाधिकारियों पर कार्रवाई हुई है. ऐसे लापरवाह, गैरजिम्मेदार लोग इससे सबक लें. घटनाएं होती हैं तो उसकी गंभीरता की त्वरित गति से जांच होनी चाहिए और एक्शन होना चाहिए. सरकार गंभीरता के साथ सत्यता जानने में लगी है.
डीएनए सैंपल के लिए परिजनों का ब्लड सैंपल लिए जाने पर विजय सिन्हा ने कहा कि यह एक जांच की प्रक्रिया है. यह बिल्कुल पारदर्शी तरीके से चल रही है.
यह भी पढ़ें- बिहार: ‘अगर न्याय नहीं मिला तो…’, NEET छात्रा के पिता की खुली चेतावनी, जानिए क्या कुछ कहा



