बाराबंकी मंदिर चोरी कांड में एक्शन, पुलिस ने चोर और सामान खरीदने वाले सुनार को किया गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के हैदरगढ़ स्थित अवसानेश्वर पौराणिक महादेव मंदिर में मंगलवार (3 फरवरी) और बुधवार (4 फरवरी) की रात हुई भीषण चोरी का बाराबंकी पुलिस ने शुक्रवार (6 फरवरी) को खुलासा कर दिया है.
इस मामले में पुलिस ने एक शातिर चोर और चोरी का माल खरीदने वाले सुनार को गिरफ्तार किया है. बता दें कि बाराबंकी पुलिस ने सुबेहा थाना के कछवा गांव निवासी शातिर चोर वीरेंद्र कुमार और देवीगंज के सुनार जय विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया है.
पुलिस ने बरामद किया ये सामान
पुलिस ने आरोपियों के पास से 4.769 किलो चांदी, 7000 रुपये नकद और चोरी में इस्तेमाल किए गए उपकरण भी बरामद किए हैं. पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के अनुसार शातिर चोर गूगल के माध्यम से मंदिरों की रेकी करता था और फिर चोरी को अंजाम देता था.
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने अवसानेश्वर मंदिर के अलावा जरौली के हनुमान मंदिर और बाबा रामसनेही घाट मंदिर में भी चोरी की बात स्वीकार की है. पुलिस द्वारा आरोपियों से अन्य वारदातों की भी पूछताछ की जा रही है.
कोर्ट में पेशी के दौरान हुआ आरोपियों पर हमला
वहीं इन दोनों आरोपियों को जब कोर्ट में पेश किया गया, तो वहां मौजूद वकीलों ने उन पर हमला करने की कोशिश की, जिससे पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया था. उल्लेखनीय है कि चोरों ने मंदिर के गर्भगृह से चांदी का छत्र और शिवलिंग के आसपास का जलहरी (अरघा) उखाड़ लिया था, जिसकी कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है.
कोर्ट में पेशी के बाद पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया है. पेशी के बाद जब आरोपियों को जेल भेजने के लिए तैयारियां शुरू की गई, इसी बीच कुछ वकीलों द्वारा आरोपियों के साथ मारपीट की. मामले को बिगड़ता देख पुलिस ने तुरंत हालात पर काबू पा लिया. इस मामले को लेकर इलाके में आक्रोश फैला हुआ है. पुलिस द्वारा मामले में गहन जांच की जा रही है.



