राजस्थान कांग्रेस में घमासान! पूर्व मंत्री अशोक चांदना ने अपने ही नेताओं पर साधा निशाना

राजस्थान की कांग्रेस सरकार के पूर्व मंत्री रहे अशोक चांदना ने अपने ही पार्टी नेताओं को लेकर मोर्चा खोल दिया है. अपने सियासी वर्चस्व को बचाने की लड़ाई में ये नेता खुलकर सामने आने लगे हैं. अशोक चांदना ने बीते दिनों एक सामाजिक कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और पूर्व विधायक धीरज गुर्जर को ‘रोजडा’ (नीलगाय) कहा था.
इसके बाद पार्टी स्तर पर इस बयान की निंदा शुरू हो गई. अशोक चांदना मंच पर बोलते हुए यहीं नहीं रुके उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी प्रहलाद गुंजल को भी इसी मंच से फसलों का नुकसान करने वाला रोजडा बताया. अशोक चांदना की इस बयान बाजी से उन्हें राजनीतिक और सामाजिक रूप से नुकसान होता हुआ दिखाई दे रहा है.
अशोक चांदना ने अपने बयान में क्या कहा?
दरअसल एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि आजकल हिंडोली विधानसभा में रोजड़े (नीलगाय) घूम रहे है. पहले तो देवली से रोजडे आते थे, लेकिन अब भीलवाड़ा और कोटा से भी रोजडे हिंडोली आ रहे हैं.
उनका इशारा कुछ दिन पहले हिंडोली आए कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर और कांग्रेस प्रत्याशी प्रहलाद गुंजल की ओर था, क्योंकि धीरज गुर्जर भीलवाड़ा से आते हैं और प्रहलाद गुंजल कोटा सीट पर चुनाव लड़ चुके हैं. अपनी पार्टी के नेताओं को लेकर दिए गए इस बयान के बाद अशोक चांदना की किरकिरी हो रही है.
अशोक चांदना ने अपनी ही पार्टी के खिलाफ खोला मोर्चा
आपको बता दें उपचुनाव के बाद से ही अशोक चांदना और नरेश मीणा के बीच अदावत चल रही है. लेकिन अब अशोक चांदना ने अपनी ही पार्टी के नेताओं के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. इसको लेकर अब अंदरखाने चर्चा शुरू हो गई है कि आखिर अशोक चांदना ने अपनी पार्टी के नेताओं को लेकर इस तरह का बयान क्यों दिया??
दूसरी तरफ कांग्रेस आलाकमान कई बार पार्टी में अनुशासनहीनता को लेकर कार्रवाई की बात कह चुका है, लेकिन क्या कांग्रेस के अंदर पनप रही इस गुटबाजी को लेकर आलाकमान कोई कार्रवाई करेगा ये देखने वाली बात होगी.



