राज्य

Motihari Acid Attack: युवती ने मोबाइल नंबर को ब्लैकलिस्ट में डाला तो युवक ने फेंका एसिड, मोतिहारी का मामला

पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिले के पताही थाना क्षेत्र में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है. एक सिरफिरे युवक ने सोए अवस्था में एक युवती पर एसिड फेंक दिया. इस घटना में युवती पूरी तरह झुलस गई है, जिसे इलाज के लिए एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस मामले में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

मां के साथ बिस्तर पर सोई थी युवती

पुलिस के मुताबिक, यह घटना खुटौना गांव की है. आरोप है कि युवती रविवार (25 जनवरी, 2026) की रात को अपने घर के एक कमरे में अपनी मां के साथ बिस्तर पर सोई हुई थी, तभी हमलावर घर के अंदर प्रवेश कर गया और लाइट ऑफ कर दी. लोग कुछ समझ पाते, तब तक आरोपी ने एसिड फेंक दिया और फरार हो गया. चेहरे पर एसिड पड़ते ही युवती की चीख निकल गई.

पीड़ित युवती का दर्ज किया गया बयान

चीख सुनकर उसकी मां की नींद भी खुल गई. इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से पीड़ित युवती को अस्पताल ले जाया गया और इसकी सूचना पुलिस को दी गई. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी. पीड़ित युवती का भी बयान दर्ज कर लिया गया है.

एकतरफा प्रेम का है मामला

पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार (26 जनवरी, 2026) को बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर इस मामले की पताही थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. उन्होंने बताया कि यह पूरा मामला एकतरफा प्रेम का है. आरोपी युवती से मोबाइल फोन पर बात करता था, लेकिन कुछ दिन पहले युवती ने उससे बातचीत बंद कर दी थी और उसके नंबर को ब्लैकलिस्ट में डाल दिया था, जो युवक को नागवार गुजरा और उसने इस घटना को अंजाम दिया.

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि युवक जबरन शादी करना चाहता था. आरोपी पीड़िता का रिश्तेदार बताया जा रहा है. पारिवारिक मामला होने के कारण पुलिस को किसी पक्ष द्वारा शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी.

यह भी पढ़ें- NEET छात्रा मौत केस: परिवार के 5 सदस्यों का ब्लड सैंपल लिया गया, DNA टेस्ट की तैयारी

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!