गणतंत्र दिवस पर सुबह कितने बजे से मिलेंगी सभी लाइनों पर दिल्ली मेट्रो? पढ़ें DMRC का अपडेट

गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 2026 के अवसर पर भव्य समारोह को देखने और उसमें शामिल होने के लिए राजधानी पहुंचने वाले लोगों के लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने खास इंतजाम किए हैं.
इसमें 26 जनवरी, सोमवार को दिल्ली मेट्रो अपनी सभी लाइनों पर सामान्य दिनों से कहीं पहले सेवाएं शुरू करेगी, ताकि कर्तव्य पथ पर पहुंचने वाले यात्रियों को आसान और सुगम सुविधा मिल सके और वे समय सीमा के अंदर ही कार्यक्रम में शामिल हो सके. इस सुविधा को लागू करने से दिल्ली और बाहर से आए लोगों को सुरक्षित व आरामदायक यात्रा मिल सके.
सुबह 3 बजे से शुरू होंगी मेट्रो सेवाएं
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) के प्रधान कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल ने एबीपी लाइव से बातचीत में जानकारी दी कि गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर 26 जनवरी को मेट्रो सेवाएं प्रातः 3:00 बजे से शुरू कर दी जाएंगी. यह व्यवस्था विशेष रूप से उन यात्रियों को ध्यान में रखकर की गई है, जो तड़के कर्तव्य पथ और आसपास के इलाकों में होने वाले आयोजनों में शामिल होना चाहते हैं.
दयाल ने बताया कि यात्रियों की सुविधा को देखते हुए सुबह 6:00 बजे तक सभी लाइनों पर मेट्रो ट्रेनों का संचालन 15 मिनट के अंतराल पर किया जाएगा. इसके बाद पूरे दिन मेट्रो सेवाएं अपनी नियमित समय-सारणी के अनुसार चलती रहेंगी, जिससे रोजमर्रा के यात्रियों को भी किसी प्रकार की परेशानी न हो.
सभी स्टेशनों पर उपलब्ध रहेगी पार्किंग सुविधा
दिल्ली मेट्रो ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे गणतंत्र दिवस के दिन अपनी यात्रा की योजना पहले से तैयार करें और प्रारंभिक मेट्रो सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाएं. इससे भीड़ से बचने और समय पर गंतव्य तक पहुंचने में मदद मिलेगी.
गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर दिल्ली मेट्रो नेटवर्क के सभी स्टेशनों पर पार्किंग सुविधाएं पूरी तरह उपलब्ध रहेंगी ताकि सुबह के समय दूर से आए यात्रियों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना ना करना पड़े. वहीं इससे निजी वाहन से आने वाले यात्रियों को भी मेट्रो का उपयोग करने में अतिरिक्त सहूलियत मिलेगी और वे आसानी से बिना किसी दिक्कत के समारोह स्थल तक पहुंच सकेंगे.



