राज्य

Punjab: ‘सरपंच जैसा हाल कर देंगे’, SAD जिला प्रधान को दी जान से मारने की धमकी, मांगे 5 करोड़

Punjab News: पंजाब के मोहाली जिले में शिरोमणि अकाली दल (SAD) के जिला प्रधान परविंदर सोहाना को गैंगस्टर की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है. आरोप है कि उन्हें एक फोन कॉल आई, जिसमें कॉल करने वाले ने खुद को गैंगस्टर पवन सौकीन बताया और जान से मारने की धमकी दी.

परविंदर सोहाना को कॉल करने वाले व्यक्ति ने 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी. धमकी देने वाले ने कहा कि अगर तय रकम नहीं दी गई तो उनका भी वही हाल किया जाएगा, जैसा हाल हाल ही में सरपंच जर्मल का हुआ था. इस धमकी के बाद नेता और उनके परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई.

पुलिस ने दर्ज किया मामला

धमकी मिलने के बाद परविंदर सोहाना ने तुरंत मोहाली पुलिस से संपर्क किया और पूरे मामले की जानकारी दी. शिकायत के आधार पर पुलिस ने गैंगस्टर पवन सौकीन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि कॉल की जांच की जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है.

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने परविंदर सोहाना की सुरक्षा बढ़ा दी है. साथ ही उनके आसपास के इलाकों में भी निगरानी बढ़ाई गई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी.

राजनीतिक हलकों में चिंता

इस घटना के बाद राजनीतिक हलकों में भी चिंता का माहौल है. नेताओं का कहना है कि गैंगस्टरों द्वारा खुलेआम धमकी देना कानून-व्यवस्था के लिए बड़ा सवाल है. उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

मोहाली पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में कॉल की लोकेशन और नंबर की जानकारी जुटाई जा रही है. जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि परविंदर सोहाना पूरी तरह सुरक्षित हैं और मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!