2026 टी20 वर्ल्ड कप के लिए दक्षिण अफ्रीका ने बदली अपनी टीम, अब ये 2 खूंखार बल्लेबाज भारत आकर मचाएंगे तबाही

2026 टी20 वर्ल्ड कप के लिए दक्षिण अफ्रीका ने अपनी टीम में 2 बड़े बदलाव किए हैं. ट्रिस्टन स्टब्स और रायन रिकल्टन दक्षिण अफ्रीका के ऑरिजिनल स्क्वाड का हिस्सा नहीं थे, लेकिन अब दोनों की वर्ल्ड कप टीम में एंट्री हुई है. दूसरी ओर टोनी डी जोरजी और डोनोवन फरेरा को स्क्वाड से बाहर कर दिया है. दक्षिण अफ्रीकी किसी पुनर्विचार के बाद स्क्वाड में बदलाव नहीं किया है बल्कि चोटों के चलते उसे बदलाव करने पड़े हैं. आगे भी चोटों के कारण स्क्वाड में बदलाव संभव हैं.
डेविड मिलर भी होंगे बाहर?
डेविड मिलर को लेकर भी दक्षिण अफ्रीकी खेमे की चिंता बढ़ी हुई है, जो SA20 के एलिमिनेटर मैच में भी पार्ल रॉयल्स की टीम का प्रतिनिधित्व नहीं कर पाए हैं. उनके अलावा लुंगी एनगिडी भी सनराइजर्स ईस्टर्न केप के खिलाफ पहले क्वालीफायर मैच में प्रिटोरिया कैपिटल्स के लिए आधे ओवर बॉलिंग कर पाए थे. उम्मीद की जा रही है कि वर्ल्ड कप से पहले एनगिडी फिट हो जाएंगे, लेकिन इसके कारण ओटनील बार्टमैन वर्ल्ड कप को मिस कर सकते हैं, जो अभी तक SA20 में सबसे ज्यादा विकेट (17) लेने वाले गेंदबाज हैं.
दक्षिण अफ्रीका का अपडेटेड स्क्वाड: एडन मार्करम (कप्तान), कॉर्बिन बॉश, डेवाल्ड ब्रेविस, क्विंटन डिकॉक, मार्को यान्सेन, जॉर्ज लिंडे, केशव महाराज, क्वेना मफाका, डेविड मिलर, लुंगी एनगिडी, एनरिक नॉर्टजे, कैगिसो रबाडा, रयान रिकेलटन, जेसन स्मिथ, ट्रिस्टन स्टब्स
जिसके चयन पर हुआ बवाल, अब हो गया बाहर
खराब फॉर्म के बावजूद टोनी डी जोरजी को दक्षिण के ऑरिजिनल स्क्वाड में शामिल किया गया था. उनके सेलेक्शन को लेकर जबरदस्त बवाल हुआ था. वहीं SA20 में कमाल का प्रदर्शन करने वाले रायन रिकल्टन को बाहर रखा गया था. गुरुवार को दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट बोर्ड ने स्टेटमेंट जारी कर बताया कि डी जोरजी हैमस्ट्रिंग की चोट से रिकवर नहीं कर पाएंगे, ऐसे में रिकल्टन का नाम सामने आया है.
दक्षिण अफ्रीका टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप D में शामिल है. इसी ग्रुप में अफगानिस्तान, कनाडा, न्यूजीलैंड और यूएई भी मौजूद हैं.



