NEET छात्रा मौत: SIT ने दवा दुकानदार से क्या पूछा? परिजन बोले- जांच की दिशा मोड़ रही पुलिस

पटना में हुई नीट की छात्रा की मौत मामले की जांच जहानाबाद में भी हो रही है. लड़की यहीं की रहने वाली थी इसलिए गांव में जाकर टीम ने परिजनों से बुधवार (21 जनवरी, 2026) को पूछताछ की. एक चालक को भी हिरासत में लिया गया. जहानाबाद में एक दवा दुकानदार के यहां भी टीम पहुंची थी जहां से छात्रा ने नींद की दवा खरीदी थी.
जहानाबाद के जिस मेडिकल स्टोर पर एसआईटी की टीम ने जाकर पूछताछ की थी वहां गुरुवार (22 जनवरी, 2026) को एबीपी न्यूज़ की टीम गई. दुकानदार से जानने का प्रयास किया कि टीम ने क्या कुछ पूछा.
मेडिकल स्टोर के मालिक कृष्णा प्रसाद ठाकुर ने बताया कि कल कुछ लोग आए थे. उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज देखना है. हमने कहा कि ठीक है देखिए. कोई भी देख सकता है. वो लोग कैमरा आदि देखे लेकिन पता चला कि हार्ड डिस्क फुल है. इसके बाद जांच टीम ने सलाह दी कि इसको ठीक करके रखा जाए. नया लगवा लिया जाए. बस इतनी ही बात हुई और फिर वे लोग चले गए.
परिजनों ने जांच टीम पर उठाए सवाल
दूसरी ओर एसआईटी की टीम पीड़िता के गांव पहुंची जहां परिजनों से घंटों पूछताछ की गई. पटना सचिवालय एसडीपीओ अनु कुमारी के नेतृत्व में कई पुलिस अधिकारी पहुंचे थे. परिजनों से छात्रा की पढ़ाई, मानसिक स्थिति और हालिया गतिविधियों को लेकर सवाल किए गए. इस बीच परिजनों ने एसआईटी की जांच पर सवाल उठाया. कहा कि बेटी की मौत से हमलोग पहले ही गहरे सदमे में हैं. ऐसे में एसआईटी लगातार पूछताछ कर उन्हें मानसिक रूप से परेशान कर रही है.
लड़की के पिता और दादा के अनुसार, एसआईटी कई बार पूछताछ कर चुकी है. परिजनों का कहना है कि वे जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं. इसके बावजूद उनसे बार-बार एक जैसे सवाल पूछे जा रहे हैं. मृतक छात्रा के परिजनों ने आरोप लगाया है कि एसआईटी निष्पक्ष जांच के बजाय मामले को किसी अन्य दिशा में मोड़ने की कोशिश कर रही है.
यह भी पढ़ें- NEET छात्रा मौत केस: लंबे समय से नींद की दवा ले रही थी लड़की, SIT ने जांच में क्या कुछ पाया?



