ब्रेकिंग न्यूज़

गोल्डन कार्ड बनाने में आज़मगढ़ प्रदेश में चौथी रैंक, जिलाधिकारी ने जताई संतुष्टि

एक्शन में डीएम, 38 के खिलाफ कार्यवाही की संस्तुति

आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति के शासी निकाय की बैठक आयोजित हुई। बैठक में आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड, जननी सुरक्षा योजना, नियमित टीकाकरण, क्षय रोग नियंत्रण कार्यक्रम सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।

बैठक में अधिकारियों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाने में आज़मगढ़ जिले की प्रदेश में चौथी रैंक है। इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी ने संतोष जताया।

हालांकि, आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत लंबित भुगतान पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करने और नियमानुसार निस्तारण के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि अन्त्योदय कार्ड धारकों का शत-प्रतिशत गोल्डन कार्ड बनाया जाए। साथ ही, वित्तीय वर्ष 2024-25 में शून्य प्रसव कराने वाली 38 आशा कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की गई।

उन्होंने निर्देश दिया कि आशा एवं एएनएम आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से समन्वय कर गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीकरण सुनिश्चित करें।

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने सभी एमओआईसी को निर्देशित किया कि एमआर (खसरा-रूबेला) उन्मूलन कार्यक्रम के तहत एमआर-1 एवं एमआर-2 टीकाकरण का कवरेज 95% से अधिक किया जाए।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को कार्य में सुधार हेतु स्पष्ट कार्ययोजना बनाकर क्रियान्वयन करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अजीज अंसारी, एसीएमओ डॉ. उमाशरण पाण्डेय, मंडलीय जिला चिकित्सालय के एसआईसी, महिला अस्पताल की सीएमएस सहित सभी एमओआईसी एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!