52 सीटों पर 22,260 बूथों पर BJP-वरिष्ठ नेता पहुंचेंगे:कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में झारखंड के संगठन मंत्री पवन साय करेंगे प्रवास

Nov 18, 2026 - 22:30
0
52 सीटों पर 22,260 बूथों पर BJP-वरिष्ठ नेता पहुंचेंगे:कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में झारखंड के संगठन मंत्री पवन साय करेंगे प्रवास
विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा ने कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति बनाई है। इसके तहत झारखंड के संगठन मंत्री पवन साय चुनाव तक क्षेत्र के सभी 17 जिलों और 52 विधानसभा सीटों का प्रवास करेंगे। वहीं, क्षेत्र के 22,260 बूथों पर राष्ट्रीय, प्रदेश, क्षेत्रीय और जिला स्तर के वरिष्ठ नेताओं को एक-एक बूथ की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित क्षेत्रीय पदाधिकारियों और क्षेत्रीय कार्यसमिति सदस्यों की बैठक में आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक अभियानों की रूपरेखा तय की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे प्रदेश महामंत्री शंकर लाल लोधी ने विभिन्न अभियानों की समीक्षा की। उन्होंने पदाधिकारियों से पूरी सक्रियता के साथ संगठन के काम में जुटने का आह्वान किया। 3 दिन विशेष अभियान चलाकर नए मतदाता जोड़ेगी भाजपा बैठक में मतदाता जोड़ो अभियान को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया गया। संगठन मंत्री पवन साय ने बताया कि 22, 23 और 24 नवंबर को पूरे क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान क्षेत्रीय पदाधिकारी से लेकर बूथ स्तर के कार्यकर्ता अपने निर्धारित बूथों पर पहुंचेंगे और नए मतदाताओं को जोड़ने के साथ पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने का काम करेंगे। 22,260 बूथों पर तैनात होंगे वरिष्ठ नेता भाजपा ने बूथ प्रबंधन को मजबूत करने के लिए बड़ी रणनीति तैयार की है। क्षेत्र के सभी 22,260 बूथों पर राष्ट्रीय, प्रदेश, क्षेत्रीय और जिला स्तर के वरिष्ठ नेताओं को एक-एक बूथ की जिम्मेदारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य वरिष्ठ नेताओं का सीधा संपर्क बूथ कार्यकर्ताओं और मतदाताओं से स्थापित करना है। महिला मोर्चा 28 नवंबर से घर-घर देगा दस्तक बैठक की अध्यक्षता करते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष राम किशोर साहू ने बताया कि मतदाता जोड़ो अभियान में महिला और युवा मोर्चा को भी विशेष जिम्मेदारी दी गई है। महिला मोर्चा 28, 29 और 30 नवंबर को घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल कराने के लिए अभियान चलाएगा। वहीं, युवा मोर्चा 1, 2 और 3 दिसंबर को विशेष अभियान चलाकर 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को नवमतदाता बनाने का काम करेगा। बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने पर जोर बैठक में तय किया गया कि आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों का केंद्र बूथ होगा। इसके लिए 17 जिलों और 52 विधानसभा क्षेत्रों में संगठनात्मक प्रवास के साथ वरिष्ठ नेताओं की सीधी भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। पार्टी का फोकस बूथ कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और मतदाता सूची में पात्र लोगों के नाम जुड़वाने पर रहेगा। बैठक का संचालन क्षेत्रीय महामंत्री आनंद सिंह ने किया। इस दौरान क्षेत्रीय महामंत्री शिव सिंह भारती, पवन प्रताप सिंह, अखिलेश नाथ दीक्षित, अर्चना त्रिपाठी, अरविंद मुखिया, वीरेंद्र तिवारी, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, डॉ. संजय सिंह, हर्ष द्विवेदी, संजय विश्वकर्मा और आशा पाल सहित क्षेत्रीय पदाधिकारी एवं विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User