तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार भाई-बहन को टक्कर मारी:सहारनपुर में कैब पकड़ने जा रहे थे दोनों, हालत गम्भीर, चालक कार सहित फरार
सहारनपुर में थाना जनकपुरी क्षेत्र के बीडी बाजोरिया पुल पर तेज रफ्तार अज्ञात कार ने इलेक्ट्रिक स्कूटी सवार भाई-बहन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर मारने के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। परिजन घायलों को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे,जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर जनकपुरी पुलिस ने मंगलवार सुबह 11 बजे अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जनकनगर तकिया निवासी मौ कैफ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी बहन अनमता और भाई फराज इलेक्ट्रिक स्कूटी से विश्वकर्मा चौक जा रहे थे। दोनों को वहां से बुक की गई कैब पकड़नी थी। इसी दौरान जब वे बीडी बाजोरिया पुल पर पहुंचे,तभी सामने की ओर से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही एक अज्ञात कार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों भाई-बहन सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनकी इलेक्ट्रिक स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर मारने के बाद कार चालक घायलों की मदद करने के बजाय मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों की मदद से परिजनों को हादसे की जानकारी दी गई। इसके बाद परिजन दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे।वहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर रेफर कर दिया। मौ कैफ ने पुलिस से घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकलवाने और फरार कार चालक की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार चीमा ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर फरार कार और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा,उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)