सरयू तट पर एक हजार दीप जलाकर की गई आरती:बहराइच में पर्यावरण और जल संरक्षण के साथ नशा उन्मूलन का संकल्प दिलाया गया
बहराइच में बुधवार शाम सरयू नदी के तट पर एक हजार दीप जलाकर आरती की गई। इस दौरान लोगों को पर्यावरण संरक्षण, जल बचाने और नशा उन्मूलन का संकल्प दिलाया गया। महामना मालवीय मिशन, सीमा जागरण मंच और जिला पर्यावरण एवं गंगा समिति की ओर से संयुक्त रूप से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग और बहराइच वन विभाग ने नदी तट पर पंचवटी और हरिशंकरी प्रजाति के पौधे भी लगाए। सीमावर्ती इलाकों में नशे के खिलाफ अभियान पर्यावरण, जल संरक्षण एवं नशा उन्मूलन चौपाल में रूल ऑफ लॉ सोसाइटी के अध्यक्ष (अवध) और वरिष्ठ भाजपा नेता सोमेश वर्धन सिंह ने कहा कि भारत-नेपाल सीमावर्ती इलाकों में नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से पर्यावरण और जल संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। महामना मालवीय मिशन के अध्यक्ष (अवध) संजीव श्रीवास्तव ने बताया कि भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र में उत्तर प्रदेश-बिहार सीमा के महराजगंज से उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड सीमा के पीलीभीत तक जनजागरण यात्रा निकाली जा रही है। इसके माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। सीमा जागरण मंच के क्षेत्रीय संगठन मंत्री सत्यदेव ने कहा कि समान विचारधारा वाले संगठनों के सहयोग से सीमावर्ती इलाकों में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। युवाओं को जागरूक और प्रशिक्षित करने के लिए दीर्घकालिक योजना भी बनाई गई है। दीप जलाकर शुरू हुई सरयू आरती कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभागीय वनाधिकारी सुन्दरेशा ने की। गंगा समिति के जिला परियोजना अधिकारी अविनाश गुप्ता, नानपारा रेंजर पीयूष गुप्ता और मोतीपुर रेंजर एसपी मिश्रा ने दीप जलाकर सरयू आरती के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की। पर्यावरणविद अमितांशु आनंद श्रीवास्तव ने कार्यक्रम का संचालन किया। समाजसेवी एवं शिक्षाविद अनिल कुशवाहा ने आभार जताया। इस मौके पर अनिल त्रिपाठी, हरीश चंद्र गुप्ता, शिव पूजन सिंह, शुभम श्रीवास्तव, सुरेश वर्मा, राकेश चंद्र श्रीवास्तव, राम रूप मिश्रा, अमित वर्मा और पिंटू मौर्य सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)