'मौलाना आजाद के विचारों को जीवन में उतारने की जरूरत':लखनऊ में सचिव ने कहा- मेलजोल की बुनियाद मजबूत करने की जरूरत

Nov 11, 2026 - 21:02
0
'मौलाना आजाद के विचारों को जीवन में उतारने की जरूरत':लखनऊ में सचिव ने कहा- मेलजोल की बुनियाद मजबूत करने की जरूरत
मौलाना आजाद की शिक्षाएं आज भी राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव के लिए प्रासंगिक हैं। उनके विचारों को केवल याद करने के बजाय जीवन और व्यवहार में उतारने की जरूरत है। यह बात राष्ट्रीय एकीकरण विभाग के सचिव हीरालाल ने कही। बुधवार को निशातगंज स्थित कैफे आजमी अकादमी में मौलाना आजाद मेमोरियल एकेडमी की ओर से संगोष्ठी आयोजित की गई थी। भारत रत्न मौलाना अबुल कलाम आजाद की 138वीं जयंती एवं राष्ट्रीय शिक्षा दिवस पर ‘सद्भावना में संभावना : सौहार्द में नए अवसर’ विषय पर संगोष्ठी हुई। इसमें वक्ताओं ने मौलाना आजाद के शैक्षिक, बौद्धिक और राष्ट्रीय योगदान को याद करते हुए उनके विचारों की वर्तमान प्रासंगिकता पर चर्चा की। तकनीक के साथ मानवीय मूल्यों की जरूरत मुख्य अतिथि हीरालाल ने कहा कि समाज में सद्भावना और आपसी मेलजोल की बुनियाद मजबूत करने की जरूरत है। घरों और सामाजिक जीवन में प्रेम, सहिष्णुता और एकता का वातावरण विकसित करना होगा। उन्होंने कहा कि आज शिक्षा का मूल्यांकन केवल डिग्रियों से नहीं, बल्कि व्यावहारिक कौशल और कार्यक्षमता से भी किया जा रहा है। एआई और आधुनिक तकनीक से रोजगार के क्षेत्र में बड़े बदलाव आएंगे। ऐसे में युवाओं को बदलती परिस्थितियों के प्रति गंभीर और सतर्क रहना होगा। प्रो. जमशेद कमर ने कहा कि मौलाना आजाद की लेखनी राष्ट्रीय एकता, धार्मिक सहिष्णुता और साझा संस्कृति के ऐतिहासिक प्रमाण प्रस्तुत करती है। उनकी सद्भावना की अवधारणा भारत की साझा सांस्कृतिक विरासत और उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। शिक्षा से बने जागरूक और जिम्मेदार समाज कर्नल लक्ष्मीकांत तिवारी ने कहा कि देश को मौलाना आजाद के दूरदर्शी विचारों की आज अधिक आवश्यकता है। राष्ट्रीय एकता सशक्त और विकसित भारत की पहली शर्त है। प्रो. रेनू पांडे ने कहा कि नई पीढ़ी को आधुनिक शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों और मानवीय जिम्मेदारियों से जोड़ना जरूरी है।शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि जागरूक, जिम्मेदार और चरित्रवान समाज बनाना है। पूर्व जिला जज बीडी नकवी ने काव्यात्मक अंदाज में शिक्षा, एकता और भाईचारे का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन लगातार होने चाहिए,जिससे समाज में नफरत और भेदभाव की जगह प्रेम, सहिष्णुता और पारस्परिक सम्मान को बढ़ावा मिले।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User