इटावा में यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए 71 केंद्र तय:हाईस्कूल-इंटर के 43,018 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा; आपत्तियों के बाद 9 नए विद्यालय शामिल

Nov 20, 2026 - 09:51
0
इटावा में यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए 71 केंद्र तय:हाईस्कूल-इंटर के 43,018 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा; आपत्तियों के बाद 9 नए विद्यालय शामिल
इटावा में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा कराने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बोर्ड ने जिले में परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी कर दी है। इस बार कुल 71 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इन केंद्रों पर हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के कुल 43,018 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। पिछले दिनों बोर्ड ने ऑनलाइन माध्यम से केंद्रों की सूची जारी कर विद्यालयों से आपत्तियां मांगी थीं। आपत्तियों की जांच और जरूरी बदलाव के बाद अंतिम सूची जारी की गई है। पहले जारी सूची में 68 विद्यालयों को केंद्र बनाया गया था, जिनकी संख्या अब बढ़ाकर 71 कर दी गई है। छह विद्यालय सूची से बाहर, नौ नए शामिल पहले जारी 68 केंद्रों की सूची में शामिल छह विद्यालयों को इस बार परीक्षा केंद्र नहीं बनाया गया है। इन विद्यालयों के प्रबंध तंत्र की ओर से जरूरी व्यवस्थाएं पूरी नहीं होने के कारण केंद्र बनाने से इनकार कर दिया गया था। वहीं, कई विद्यालयों ने केंद्र बनाए जाने के लिए आवेदन किया था। इन पर विचार करने के बाद जरूरत के अनुसार नौ नए विद्यालयों को शामिल किया गया है। पिछली सूची से जनता हायर सेकेंडरी स्कूल नगला साल्हाड़ी, असित मेमोरियल इंटर कॉलेज बिनापीड़ीइसी भरथना, राजकीय हायर सेकेंडरी स्कूल लुधियानी, राजकीय हायर सेकेंडरी स्कूल हरचंदपुर और राजकीय हायर सेकेंडरी स्कूल बीबामऊ समेत छह विद्यालयों को बाहर किया गया है। इन नौ विद्यालयों को बनाया गया नया केंद्र नई सूची में पंचशील इंटर कॉलेज सराय भोत, शुगर सिंह मेमोरियल शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज सैफई, श्री तेज सिंह इंटर कॉलेज सिरपोरा, ज्ञान मंदिर इंटर कॉलेज फ्रेंड्स कॉलोनी, आरएसएमआईसी हरिपुर, धनीराम शाक्य इंटर कॉलेज धौलपुर खेड़ा, रुकुम सिंह रामबेटी इंटर कॉलेज नौगांव, आरके इंटर कॉलेज इटावा और दाऊजी इंटर कॉलेज नगला अति भरथना को शामिल किया गया है। हाईस्कूल के 22,226 और इंटर के 20,792 परीक्षार्थी इस साल हाईस्कूल में 22,226 परीक्षार्थी शामिल होंगे, जबकि इंटरमीडिएट में 20,792 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। दोनों कक्षाओं को मिलाकर कुल संख्या 43,018 है। पिछले साल जिले में 67 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। इस बार केंद्रों की संख्या के साथ परीक्षार्थियों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है। जिले में राजकीय, सहायता प्राप्त और वित्तविहीन मिलाकर कुल 284 विद्यालय हैं। इनमें से 71 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। सीसीटीवी से होगी निगरानी, कंट्रोल रूम से रखेंगे नजर जिला विद्यालय निरीक्षक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बोर्ड परीक्षा को निष्पक्ष और नकलविहीन तरीके से कराने के लिए सभी तैयारियां की जा रही हैं। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। कंट्रोल रूम से सभी परीक्षा केंद्रों की निगरानी की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User