हिमाचल में यूपी STF की बड़ी कार्रवाई:नकली दवाएं बनाने वाली फैक्ट्री पर छापा; तीन आरोपी गिरफ्तार, भूसे और पाउडर से बन रही थीं दवाएं

Nov 19, 2026 - 11:16
0
हिमाचल में यूपी STF की बड़ी कार्रवाई:नकली दवाएं बनाने वाली फैक्ट्री पर छापा; तीन आरोपी गिरफ्तार, भूसे और पाउडर से बन रही थीं दवाएं
हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ में नकली दवाएं बनाने वाली इकाई का पर्दाफाश हुआ है। उत्तर प्रदेश की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने राजपुरा खेड़ा बाईपास स्थित इस इकाई पर छापा मारकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यहां नामी दवा कंपनियों के ब्रांड की नकल कर नकली दवाएं तैयार की जा रही थीं। हैरानी की बात यह है कि इन दवाओं को चने के भूसे और पाउडर से बनाया जा रहा था। टीम ने मौके से दवाएं बनाने, कैप्सूल भरने, पैकिंग और छपाई में इस्तेमाल होने वाली मशीनें और अन्य सामग्री भी जब्त की है। यह कार्रवाई वाराणसी में नकली दवाओं की खेप पकड़े जाने के बाद की गई। इसके बाद एसटीएफ ने जांच आगे बढ़ाते हुए नालागढ़ की इस इकाई में दबिश दी। जांच में सामने आया कि यहां प्रतिजैविक, तंत्रिका तंत्र और गैस की समस्या में इस्तेमाल होने वाली दवाओं की नकल तैयार की जा रही थी। एफएसडीए आयुक्त डॉ. रोशन जैकब के अनुसार, इकाई में पैन-डी कैप्सूल, प्रेसिज-300 कैप्सूल (प्रेगाबालिन), सी-एजेड (सेफिक्सिम और एजिथ्रोमाइसिन), ए-सिपेक्स-625 (एमोक्सिसिलिन और पोटैशियम क्लैवुलनेट) और न्यूरो-300 (प्रेगाबालिन) की नकली दवाएं बनाई जा रही थीं। कई नामी दवाओं से जुड़ी सामग्री भी मिली छापेमारी के दौरान टीम को जीरोडोल एसपी, मांटिना एल, रेबिसेक एलएस, क्लैवेम 625, शेलकाल 500 और टैक्सिम ओ 200 समेत अन्य दवाओं से संबंधित सामग्री भी मिली है। इनकी गुणवत्ता और असली होने की जांच की जा रही है। एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि इन दवाओं के नाम पर तैयार सामग्री कहां-कहां सप्लाई की जा रही थी। पैकिंग से लेकर छपाई तक का पूरा इंतजाम एसटीएफ को इकाई में ब्लिस्टर पैकिंग मशीन, एल्यूमिनियम-एल्यूमिनियम पैकिंग मशीन, कैप्सूल भरने वाली मशीन और वजन मापने वाली मशीनें मिलीं। इसके अलावा दवाओं के पैकेट तैयार करने के लिए छपी हुई फॉइल और स्टीरियो छपाई के उपकरण भी जब्त किए गए। इससे इकाई में दवाओं के निर्माण के साथ उनकी पैकिंग और ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर बाजार में उतारने की तैयारी किए जाने की बात सामने आई है। कई राज्यों तक सप्लाई नेटवर्क की जांच जांच एजेंसियां अब पता लगा रही हैं कि नालागढ़ में तैयार की जा रही नकली दवाएं किन राज्यों और शहरों में भेजी जा रही थीं। इस कारोबार से जुड़े दवा कारोबारियों और अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। एजेंसियों का फोकस पूरे नेटवर्क का पता लगाने पर है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि नकली दवाओं का कारोबार कितने बड़े स्तर पर फैला था।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User