द्वारकाधीश मंदिर में अन्नकूट के दर्शन शुरू:मथुरा में गोवर्धन पूजा के बाद पहुंचे हजारों श्रद्धालु

Nov 09, 2026 - 20:34
0
द्वारकाधीश मंदिर में अन्नकूट के दर्शन शुरू:मथुरा में गोवर्धन पूजा के बाद पहुंचे हजारों श्रद्धालु
मथुरा में पुष्टिमार्गीय संप्रदाय के प्रसिद्ध ठाकुर श्री द्वारकाधीश मंदिर में सोमवार को गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह गोवर्धन पूजा के बाद शाम चार बजे से अन्नकूट प्रसादी के विशेष दर्शन कराए गए। इस दौरान भगवान के दर्शन और प्रसादी का भोग लगाने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। मंदिर परिसर ठाकुर जी के जयकारों से गूंज उठा। मंदिर के मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी ने बताया कि मंदिर के गोस्वामी एवं आचार्यों के मार्गदर्शन में गोवर्धन पूजा के सभी धार्मिक कार्यक्रम परंपरागत विधि-विधान के साथ संपन्न कराए गए। सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। गोवर्धन पूजा के बाद शाम चार बजे अन्नकूट प्रसादी के दर्शन शुरू हुए। दर्शन के लिए मथुरा सहित ब्रज के विभिन्न क्षेत्रों और दूर-दराज से श्रद्धालु पहुंचे। अन्नकूट महोत्सव के दौरान मंदिर में विशेष सजावट की गई। ठाकुर जी के समक्ष तरह-तरह के पकवान, मिष्ठान और व्यंजनों का भोग सजाया गया। मान्यता के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्रदेव के अहंकार का मान मर्दन करने के बाद गोवर्धन पर्वत की पूजा का संदेश दिया था। इसी परंपरा के तहत ब्रजवासी भगवान श्रीकृष्ण को विभिन्न प्रकार के पकवानों का भोग लगाते हैं, जिसे अन्नकूट कहा जाता है। मंदिर में आयोजित इस धार्मिक उत्सव के दौरान श्रद्धालु भक्ति भाव में डूबे नजर आए। महिला, पुरुष और बच्चों ने कतारबद्ध होकर ठाकुर जी के दर्शन किए और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। अन्नकूट के विशेष दर्शन के दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User