आजमगढ़

आजमगढ़ जिले में होमगार्ड एनरोलमेंट-2025 परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु तैयारियां पूर्ण

आजमगढ़, 17 अप्रैल 2026,उत्तर प्रदेश होमगार्ड के पदों पर एनरोलमेंट-2025 की परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं नकल-विहीन आयोजन हेतु जिलाधिकारी रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने बताया कि उक्त परीक्षा का आयोजन जनपद आजमगढ़ के कुल 13 परीक्षा केन्द्रों पर दिनांक 25, 26 एवं 27 अप्रैल 2026 को किया जाएगा। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित होगी, जिसमें प्रथम पाली पूर्वाह्न 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 03:00 बजे से 05:00 बजे तक संपन्न कराई जाएगी। प्रत्येक पाली में कुल 5808 अभ्यर्थियों के सम्मिलित होने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।जिलाधिकारी ने परीक्षा की सुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा को पूर्णतः नकल-विहीन, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती सुनिश्चित की गई है, जो परीक्षा की समुचित निगरानी करेंगे।बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि सभी परीक्षा केन्द्रों का पूर्व निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए तथा मूलभूत सुविधाएं जैसे स्वच्छ पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति एवं बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त परीक्षा केन्द्रों पर समय से प्रश्नपत्र एवं अन्य परीक्षा सामग्री सुरक्षित रूप से पहुंचाने के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है।जिलाधिकारी ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए तथा संवेदनशील केन्द्रों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। परीक्षा केन्द्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दी जाए तथा अभ्यर्थियों को शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराया जाए।उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ सुनिश्चित करें।बैठक में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 गंभीर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह, मुख्य कोषाधिकारी अनुराग श्रीवास्तव सहित सेक्टर/स्टेटिक मजिस्ट्रेट, समस्त केंद्र व्यवस्थापक एवं संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!