आजमगढ़

Azamgarh News: लापरवाही से कक्षा में बंद हुआ छात्र, शिक्षक निलंबित ,छुट्टी के बाद सोता रह गया छात्र, ताला लगाकर चले गए शिक्षक

लापरवाही से कक्षा में बंद हुआ छात्र, शिक्षक निलंबित ,छुट्टी के बाद सोता रह गया छात्र, ताला लगाकर चले गए शिक्षक

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

आजमगढ़ जिले के अतरौलिया क्षेत्र स्थित एक प्राथमिक विद्यालय में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। एदिलपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में कक्षा 3 का एक छात्र स्कूल के अंदर ही बंद रह गया। इस घटना के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सहायक अध्यापक श्रीकांत सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।जानकारी के अनुसार, यह घटना 13 अप्रैल की है। दादर गांव निवासी कक्षा 3 का छात्र हिमांशु राजभर स्कूल में पढ़ाई के दौरान सो गया था। छुट्टी के समय शिक्षक और कर्मचारी बिना कक्षाओं की जांच किए ही स्कूल में ताला लगाकर चले गए, जिससे छात्र कक्षा के अंदर ही बंद रह गया।उधर, काफी देर तक घर न पहुंचने पर बच्चे की मां फूला देवी चिंतित हो गईं। उन्होंने गांव के अन्य बच्चों से जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद जब वह स्कूल पहुंचीं तो अंदर से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। ग्राम प्रधान की मदद से स्कूल का ताला खुलवाया गया, जिसके बाद हिमांशु को सुरक्षित बाहर निकाला गया। उस समय बच्चा डरा-सहमा था और भूख-प्यास से भी परेशान था।
घटना की सूचना मिलते ही जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव पाठक ने जांच के आदेश दिए। खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा की गई जांच में सहायक अध्यापक श्रीकांत सिंह की लापरवाही स्पष्ट पाई गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।प्रशासन ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं।

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!