देश

दिल्ली में बादल, यूपी में आंधी-बारिश, बिहार से लेकर हरियाणा और राजस्थान तक मौसम विभाग की नई चेतावनी

देश के अलग-अलग हिस्सों में मंगलवार (31 मार्च) को मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आएगा. एक ओर उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना है तो वहीं दूसरी ओर पश्चिम, मध्य और दक्षिण भारत में गर्मी और उमस का प्रभाव बना रहेगा.

मौसम विभाग के मुताबिक आज दिल्ली-एनसीआर में पश्चिमी विक्षोभ के असर से हल्के बादल रहेंगे. इसके साथ ही तेज हवाएं, कहीं-कहीं हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है. तापमान सामान्य से थोड़ा कम रह सकता है, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी.

यूपी में बदला मौसम
उत्तर प्रदेश में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ है. एक ओर गर्मी और शुष्क हवाओं का असर बना हुआ है तो वहीं दूसरी ओर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते कई जगह हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और आंधी की संभावना बनी हुई है. IMD के अनुसार आज अधिकतम तापमान 34 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. 

येलो अलर्ट जारी
IMD ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए आज येलो अलर्ट जारी किया है. अनुमान है कि 4 अप्रैल तक रुक-रुककर हल्की बारिश जारी रह सकती है. नोएडा में सोमवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 15 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि AQI सुधरकर 187 पर आ गया, जो एक दिन पहले 204 था. मंगलवार को तापमान और गिरकर 28 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी.

राजस्थान के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी की संभावना
राजस्थान के ज्यादातर इलाकों में आज मौसम गर्म बना रहेगा. रेगिस्तानी क्षेत्रों में गर्म हवाएं चल सकती हैं, हालांकि कुछ हिस्सों में बादल और हल्की बूंदाबांदी की संभावना है. राजस्थान से सटे गुजरात में भी गर्मी का असर रहेगा, जहां तापमान 37 से 39 डिग्री तक पहुंच सकता है. हालांकि आज उत्तरी और कच्छ क्षेत्र में हल्की बारिश या गरज-चमक की संभावना है. 

पहाड़ी राज्यों का हाल
पहाड़ी राज्यों में मौसम सबसे ज्यादा सक्रिय रहेगा. उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के लिए बारिश, बर्फबारी, ओलावृष्टि और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है. कई इलाकों में 30-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होगी.

ये भी पढ़ें

Exclusive: पाकिस्तान फिर हुआ बेनकाब! दिल्ली पुलिस ने बताया आतंकी शब्बीर लोन का कौन था हैंडलर, इस्लामाबाद से कैसे कर रहा था ऑपरेट

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!