Azamgarh News: जमीन खरीद–फरोख्त के नाम पर 28 लाख की ठगी, वांछित अभियुक्त गिरफ्तार


आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
जमीन खरीद–फरोख्त के नाम पर 28 लाख की ठगी, वांछित अभियुक्त गिरफ्तार
आजमगढ़ जनपद के थाना बिलरियागंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जमीन खरीद–फरोख्त के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले वांछित अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार वादी दीपक यादव, निवासी नौबरार त्रिपुरा खालसा (थाना महराजगंज) हाल मुकाम बघैला, द्वारा 12 मार्च 2026 को थाना बिलरियागंज में शिकायत दर्ज कराई गई थी। वादी ने बताया कि वह बघैला में मेडिकल स्टोर संचालित करता है और पिछले कई वर्षों से सचिन यादव व उसके साथियों का उसके यहां आना-जाना था।
आरोप है कि अभियुक्तों ने विश्वास में लेकर अपने ससुर की जमीन (गाटा संख्या 545 व 596, लगभग 37 बिस्वा) 30 लाख रुपये में बेचने का सौदा तय किया। इस दौरान पीड़ित से अलग-अलग तिथियों में 15 लाख रुपये बैंक के माध्यम से और 13 लाख रुपये नगद लेकर कुल 28 लाख रुपये हड़प लिए गए। इसके बावजूद जमीन का बैनामा नहीं किया गया और बाद में पता चला कि उक्त जमीन किसी अन्य व्यक्ति के नाम रजिस्ट्री कर दी गई है।
मामले में पंचायत के दौरान अभियुक्त विजय यादव द्वारा दिया गया 28 लाख रुपये का चेक बैंक में हस्ताक्षर मेल न खाने के कारण निरस्त हो गया। इसके बाद दिया गया दूसरा चेक भी फर्जी पाया गया। विरोध करने पर पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी गई।
इस प्रकरण में थाना बिलरियागंज पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस के मुताबिक 29 मार्च 2026 को वादी द्वारा सूचना मिलने पर भोपतपुर कल्यानपुर (रौनापार) चौक के पास से पीआरवी टीम ने अभियुक्त सचिन यादव को हिरासत में लिया। इसके बाद 30 मार्च 2026 को विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त सचिन यादव पुत्र विजय कुमार यादव निवासी परेवा रूद्रपुर थाना रौनापार, जनपद आजमगढ़ है। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस गिरफ्तारी में थानाध्यक्ष सुनील कुमार दुबे एवं वरिष्ठ उपनिरीक्षक योगेन्द्र कुमार सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



