आजमगढ़

Azamgarh News: अतरौलिया में ओमप्रकाश राजभर का ‘जनता दरबार’, समस्याएं सुनीं; विपक्ष पर साधा निशाना।

अतरौलिया में ओमप्रकाश राजभर का ‘जनता दरबार’, समस्याएं सुनीं; विपक्ष पर साधा निशाना।

उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने बुधवार सुबह अतरौलिया स्थित निरीक्षण भवन में ‘जनता दरबार’ लगाकर क्षेत्रीय लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए शिकायतों के शीघ्र निस्तारण पर जोर दिया।
जनता दरबार के बाद मीडिया से बातचीत में मंत्री राजभर ने विभिन्न मुद्दों पर अपनी स्पष्ट राय रखी। एलपीजी सिलेंडर की उपलब्धता और महंगाई के सवाल पर उन्होंने कहा कि देश में गैस की कोई कमी नहीं है। जिन परिवारों के पास पर्याप्त सिलेंडर हैं, वही बार-बार लाइन में लग रहे हैं। सामान्य तौर पर एक सिलेंडर 30 दिन तक चलता है और सरकार की व्यवस्थाएं आम जनता की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाई गई हैं।
बिजली आपूर्ति को लेकर उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले बिजली आने का कोई निश्चित समय नहीं होता था, जबकि वर्तमान सरकार में शहरों में 24 घंटे, तहसील क्षेत्रों में 20 घंटे और ग्रामीण इलाकों में 18 घंटे बिजली दी जा रही है।
मंत्री ने समाजवादी पार्टी सहित अन्य विपक्षी दलों पर आरोप लगाया कि वे केवल वोट बैंक की राजनीति के लिए मुद्दों को हवा देते हैं। कानून-व्यवस्था के सवाल पर उन्होंने कहा कि अब अपराधियों के खिलाफ बिना भेदभाव के सख्त कार्रवाई हो रही है। उन्होंने पूर्व सरकारों के समय दंगों और अव्यवस्थाओं का भी जिक्र किया।
ईरान-इजरायल जैसे अंतरराष्ट्रीय तनाव का हवाला देते हुए राजभर ने कहा कि किसी भी युद्ध का असर पड़ोसी देशों पर पड़ता है और भारत इसको लेकर सतर्क है। साथ ही उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में गांवों का जीवन स्तर बेहतर हुआ है, कच्चे मकानों की जगह पक्के घर और मूलभूत सुविधाएं लोगों तक पहुंची हैं।
उन्होंने कहा, “हमारी सरकार का उद्देश्य अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। जनता की हर समस्या का समाधान हमारी प्राथमिकता है।”
जनता दरबार के दौरान स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया। मंत्री ने स्पष्ट किया कि जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी!

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!