ED Attach Foreign Property: विदेश तक पहुंची ED की कार्रवाई! लंदन में 7.5 करोड़ की प्रॉपर्टी अटैच, 307 करोड़ के बैंक फ्रॉड का मामला

ED ने एक बड़े बैंक फ्रॉड मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्रिटेन में लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट के पास स्थित करीब 7.5 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी को अटैच कर लिया है. ये कार्रवाई 24 मार्च 2026 को इंदौर सब-जोनल ऑफिस द्वारा की गई. ये मामला निओ कॉर्प इंटरनेशनल लिमिटेड और उससे जुड़े डायरेक्टर्स/प्रमोटर्स के खिलाफ चल रही मनी लॉन्ड्रिंग जांच से जुड़ा है.
सीबीआई के आधार पर शुरू हुई थी जांच
ED की जांच दो अलग-अलग CBI केस के आधार पर शुरू हुई थी. पहला मामला Poly Logic International Private Limited और उसके डायरेक्टर उत्कर्ष त्रिवेदी से जुड़ा है. जिन पर पंजाब नेशनल बैंक को करीब 57.47 करोड़ रुपये का चूना लगाने का आरोप है. दूसरा केस Neo Corp International Limited और उसके मैनेजिंग डायरेक्टर सुनील कुमार त्रिवेदी से जुड़ा है. जिन पर SBI को करीब 249.97 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाने का आरोप है. दोनों मामलों को मिलाकर कुल फ्रॉड की रकम करीब 307.44 करोड़ रुपये बैठती है.
आरोपियों ने कैसे बुना था पूरा जाल, जांच में हुआ खुलासा
जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने कई कंपनियों का एक पूरा जाल बना रखा था. ये कंपनियां कागजों में तो अलग-अलग दिखती थीं, लेकिन असल में एक-दूसरे से जुड़ी हुई थी. इन कंपनियों के जरिए पैसे को इधर-उधर घुमाया गया, ताकि असली सोर्स और इस्तेमाल को छुपाया जा सके. कई फर्जी कंपनियां कर्मचारियों और करीबियों के नाम पर बनाई गई थी, जिनके जरिए पैसा ट्रांसफर और लेयरिंग की जाती थी.
निवेश के नाम पर विदेश में भेजा गया पैसा
ED के मुताबिक, इस पूरे खेल का मकसद काले धन को सफेद दिखाना और उसे विदेश भेजना था. जांच में ये भी पता चला है कि अपराध से कमाए गए पैसे को निवेश के नाम पर विदेशों में भेजा गया, जिसमें लंदन की यह प्रॉपर्टी भी शामिल है. इससे पहले 26 फरवरी 2026 को ED ने आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी भी की थी, जहां से कई अहम डिजिटल सबूत और दस्तावेज बरामद हुए थे. फिलहाल ED इस मामले में आगे की जांच कर रही है और आने वाले समय में और बड़ी कार्रवाई हो सकती है.
यह भी पढ़ें: मैनेजर ने कोविड के दौरान WFH का फायदा उठाकर लगा दिया 106 करोड़ का चूना, ED ने कोर्ट में दाखिल की चार्जशीट



